Home Local रबी फसल के लिए गंगरेल बांध से पानी देने कांग्रेस ने कलेक्टर...

रबी फसल के लिए गंगरेल बांध से पानी देने कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

रबी फसल के लिए गंगरेल बांध से पानी देने कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

धमतरी । जिले के किसानों को रबी सीजन की फसलों की सिंचाई के लिए गंगरेल बांध से पानी उपलब्ध कराने की मांग को लेकर कांग्रेस नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर के नेतृत्व में जिला कलेक्टर से मुलाकात कर एक औपचारिक ज्ञापन सौंपा।

इस ज्ञापन में क्षेत्र के अन्नदाताओं के आर्थिक संबल और पर्यावरण की रक्षा के लिए प्रशासन से शीघ्र, न्यायसंगत एवं सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया गया है। कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि धमतरी जिले के अधिकांश किसान खरीफ और रबी दोनों ही सीजनों में मुख्य रूप से धान की खेती करते हैं। विगत कुछ वर्षों से रबी फसल के दौरान किसानों को सिंचाई के लिए पूरी तरह से निजी मोटर पंपों और नलकूपों पर आश्रित रहना पड़ रहा है। लगातार भूजल (Underground Water) का अत्यधिक दोहन होने के कारण जिले का जलस्तर तेजी से नीचे गिर रहा है, जो पर्यावरण और भविष्य की कृषि दृष्टि से अत्यंत चिंताजनक है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने ध्यानाकर्षण कराते हुए कहा कि इस वर्ष हुई अच्छी वर्षा के कारण वर्तमान में जिले के मुख्य गंगरेल बांध सहित अन्य बांधों में रबी फसल के लिए पर्याप्त पानी सुरक्षित और संग्रहित है।

बांध में पानी की वर्तमान उपलब्धता इतनी सुदृढ़ है कि इससे क्षेत्र के किसानों की रबी फसल की सिंचाई आवश्यकताओं को आसानी से पूरा किया जा सकता है। यदि इस संग्रहित जल का उपयोग नहरों के माध्यम से रबी फसल की सिंचाई के लिए किया जाता है, तो किसानों को महंगे डीजल और मोटर पंपों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, जिससे भूजल का अत्यधिक दोहन भी रुकेगा।

कांग्रेस ने प्रशासन के समक्ष प्रमुख मांगें जिसमे गंगरेल बांध से पानी कीरबी सीजन की धान एवं अन्य फसलों को बचाने और बेहतर उत्पादन के लिए गंगरेल बांध से संबद्ध मुख्य नहरों में सिंचाई हेतु पानी छोड़ने के आदेश शीघ्र जारी किए जाएं ताकि किसानों को आगामी फसल की तैयारियों के लिए पर्याप्त समय मिल पाए, नहर का पानी मिलने से किसान मोटर पंपों के उपयोग से बचेंगे, जिससे धमतरी जिले के भूमिगत जल स्तर को और अधिक गिरने से रोका जा सकेगा। पानी छोड़े जाने के साथ ही कुरूद, धमतरी व अन्य संबद्ध क्षेत्रों के अंतिम छोर (टेल एरिया) के किसानों तक पानी की निर्बाध पहुंच सुनिश्चित करने हेतु जल संसाधन विभाग को कड़े निर्देश दिए जाएं।

ज्ञापन सौंपने के दौरान धमतरी विधायक ओंकार साहू ने क्षेत्र के किसानों की दो अन्य अत्यंत संवेदनशील और महत्वपूर्ण समस्याओं पर विशेष रूप से प्रकाश डाला। विधायक ओंकार साहू ने कहा कि आगामी धान खरीदी सीजन में पिछले वर्ष की तरह अव्यवस्थाएं नहीं होनी चाहिए। पिछले समय किसानों को बारदाने की कमी, समितियों में लंबी कतारों और तौल में गड़बड़ी के कारण भारी मानसिक और आर्थिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी थी, जिसकी पुनरावृत्ति इस बार नही होनी चाहिए। इसके साथ पूर्व जिला अध्यक्ष मोहन लालवानी, पूर्व महापौर ने जिले में आई पिछली भीषण बाढ़ का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया।

उन्होंने कलेक्टर को अवगत कराया कि बाढ़ के कारण क्षेत्र के सैकड़ों किसानों की मेहनत और फसल पूरी तरह नष्ट हो गई थी, लेकिन प्रभावित किसानों को अब तक शासन-प्रशासन से उचित मुआवजा नहीं मिल पाया है। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि बाढ़ पीड़ित किसानों को तत्काल प्रभाव से उचित मुआवजा राशि का भुगतान किया जाए ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर, विधायक ओंकार साहू, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन लालवानी, पूर्व महापौर विजय देवांगन, जिला संगठन महामंत्री अरविन्द दोषी, उपनेता प्रतिपक्ष विशु देवांगन, जिला सचिव राजेश पाण्डेय, उदित नारायण साहू सहित अन्य कार्यकर्त्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कलेक्टर ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए इस संवेदनशील विषय पर गंभीरता पूर्वक विचार करने तथा उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया है।

Exit mobile version