Home Latest गुंडे-बदमाशों पर कड़ा प्रहार: धारदार तलवार लहराकर दहशत फैलाने वाला आदतन बदमाश...

गुंडे-बदमाशों पर कड़ा प्रहार: धारदार तलवार लहराकर दहशत फैलाने वाला आदतन बदमाश गिरफ्तार

 एसपी धमतरी, भावना पांडेय के निर्देश पर असामाजिक तत्वों पर शिकंजा: शराब भट्ठी के पास तलवार से धमकाने वाला आरोपी पहुंचा सलाखों के पीछे

 सिटी कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्यवाही: तलवार लहराकर राहगीरों को डराने वाला आरोपी हेमंत राजपूत गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट के तहत कार्यवाही

धमतरी | पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के सख्त निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों, चाकूबाजों एवं गुंडे-बदमाशों के विरुद्ध निरंतर सघन अभियान चलाकर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने आम जगह पर धारदार तलवार लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।

इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली स्टाफ अपराध नियंत्रण एवं गश्त पेट्रोलिंग पर रवाना था। भ्रमण के दौरान इतवारी बाजार के पास मुखबिर से पुख्ता सूचना प्राप्त हुई कि मैला गड्ढा,महिमा सागर वार्ड शराब भट्ठी रोड पर एक व्यक्ति हाथ में धारदार लोहे की तलवार लेकर लहरा रहा है तथा आने-जाने वाले आम लोगों को डरा-धमका कर दौड़ा रहा है, जिससे इलाके में भारी दहशत का माहौल बना हुआ है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल गवाहों को साथ लेकर मौके पर घेराबंदी की और तलवार लहरा रहे संदिग्ध व्यक्ति को धर दबोचा। पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम हेमंत सिंह राजपूत उर्फ बिट्टू, पिता सातम सिंह राजपूत, उम्र 32 वर्ष, निवासी विंध्यवासिनी वार्ड, थाना सिटी कोतवाली, जिला धमतरी बताया।

जब्ती एवं वैधानिक कार्यवाही: आरोपी के कब्जे से एक लोहे की धारदार तलवार विधिवत जब्त कर पुलिस ने कब्जे में ली। तलवार रखने एवं लहराने के संबंध में वैध दस्तावेज पेश नहीं किए जाने पर आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 286/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत पंजीबद्ध कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।

आरोपी का नाम*- हेमंत सिंह राजपूत उर्फ बिट्टू, पिता सातम सिंह राजपूत, उम्र 32 वर्ष, निवासी विंध्यवासिनी वार्ड, थाना सिटी कोतवाली, जिला धमतरी(छ.ग.)

धमतरी पुलिस द्वारा स्पष्ट संदेश दिया गया है कि शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी असामाजिक तत्व या बदमाश को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के विरुद्ध लगातार सख्त वैधानिक कार्यवाही जारी रहेगी।

Exit mobile version