धमतरी। जिले के ग्राम मुजगहन में पुरानी रंजिश को लेकर हुए जानलेवा हमले में एक युवक की मौत और दूसरे के घायल होने के मामले में अर्जुनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो लकड़ी के डंडे सहित अन्य सामान जब्त किया है। गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में गंभीर अपराधों पर अंकुश लगाने और आरोपियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अर्जुनी पुलिस ने मुजगहन हत्याकांड में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।
घटना 21 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:20 बजे ग्राम मुजगहन के मुख्य मार्ग पर सुदामा साहू के घर के सामने हुई। यहां पुरानी रंजिश को लेकर विवाद के दौरान आरोपियों ने दीपांशु साहू और विकास साहू के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों, लकड़ी के डंडों और धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। उन्हें तत्काल शासकीय जिला अस्पताल धमतरी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दीपांशु साहू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, विकास साहू का उपचार जारी है।
त्वरित कार्रवाई कर चार आरोपी पकड़े
घटना की गंभीरता को देखते हुए अर्जुनी पुलिस ने तत्काल आरोपियों की पतासाजी कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ और मेमोरेंडम कथन के आधार पर गवाहों की उपस्थिति में घटना में प्रयुक्त दो लकड़ी के डंडे तथा अन्य सामान विधिवत जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों में फनेश्वर नेताम (18 वर्ष), पिता रोहत नेताम; रितेश नेताम (22 वर्ष), पिता रोहित नेताम; लिलेश उर्फ लिलेश्वर नेताम (20 वर्ष), पिता प्रदीप नेताम; और नोहर यादव उर्फ काला (23 वर्ष), पिता परस राम यादव, सभी निवासी रत्नाबांधा, धमतरी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, थाना अर्जुनी में अपराध क्रमांक 150/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296, 115(2), 118(1), 351(3), 190, 191(1), 191(2) और 103(1) के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की गई है। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
धमतरी पुलिस के अनुसार, मामले में संलिप्त अन्य फरार आरोपियों की तलाश और पतासाजी जारी है। पुलिस ने नागरिकों से जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने, आपसी विवादों का समाधान कानूनी तरीके से करने तथा हिंसक गतिविधियों या अपराधों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
