चालीहा महोत्सव के अंतर्गत सातवें वर्ष आयोजित हुई सिंधी भाषा ज्ञान परीक्षा, करीब 80 महिलाओं ने लिया हिस्सा

2

चालीहा महोत्सव के अंतर्गत सातवें वर्ष आयोजित हुई सिंधी भाषा ज्ञान परीक्षा, करीब 80 महिलाओं ने लिया हिस्सा

धमतरी। सिंधी समाज धमतरी द्वारा कोष्टापारा स्थित झूलेलाल मंदिर में चालीहा महोत्सव बड़े ही उत्साह और धार्मिक आस्था के साथ मनाया जा रहा है। महोत्सव के दौरान समाज द्वारा विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में रविवार को झूलेलाल महिला मंडल कोष्टापारा द्वारा लगातार सातवें वर्ष सिंधी ज्ञान परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा में समाज की करीब 80 महिलाओं सहित युवा, बुजुर्ग, महिला एवं बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
सिंधी भाषा के ज्ञान, संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से आयोजित इस परीक्षा को लेकर समाज के लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। परीक्षा की तैयारी के लिए झूलेलाल महिला मंडल द्वारा कई दिनों से तैयारियां की जा रही थीं। प्रतिभागियों को सिंधी भाषा के अध्ययन के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने के साथ ही परीक्षा से पूर्व विशेष तैयारी भी कराई गई।

3 सितंबर को वितरित की गई थी उत्तर पुस्तिका

परीक्षा में शामिल होने वाले प्रतिभागियों के लिए झूलेलाल महिला मंडल द्वारा विशेष रूप से सिंधी भाषा में उत्तर पुस्तिका तैयार की गई। 3 सितंबर को महिला मंडल द्वारा तैयार की गई उत्तर पुस्तिकाओं का प्रतिभागियों के बीच वितरण किया गया था। इसके साथ ही प्रतिभागियों को परीक्षा के लिए तैयार करने के उद्देश्य से कोष्टापारा स्थित झूलेलाल मंदिर में पांच दिवसीय विशेष ट्यूशन क्लास का भी आयोजन किया गया। इन कक्षाओं में समाज के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर सिंधी भाषा एवं परीक्षा में पूछे जाने वाले विषयों की तैयारी की।