कॉलोनी में मचा रहा बैल का आतंक, परेशान लोगों ने खुद पकड़ा और थाने पहुंचा दिया
धमतरी। सुंदरगंज वार्ड की सपना कॉलोनी में एक बैल के लगातार उत्पात से रहवासी परेशान हैं। लोगों का आरोप है कि बैल आए दिन घरों में घुसकर फल-फ्रूट और खाने-पीने का सामान खा जाता है तथा लोगों को मारने के लिए दौड़ाता है। इससे कॉलोनी के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। इस मामले में लगातार नगर निगम से शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने का आरोप लगाया गया है।
गौतम वाधवानी ने बताया कि निगम को लगातार सूचना दी जा रही थी कि सपना कॉलोनी में एक बैल लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। निगम के कर्मचारियों ने एक दिन बैल को पकड़ भी लिया था, लेकिन उसे ले जाने के लिए काऊ कैचर वाहन मौके पर नहीं पहुंचा। इसके बाद रात में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बैल को छोड़ दिए जाने की बात सामने आई। सुबह होते ही बैल दोबारा कॉलोनी में पहुंच गया और लोगों को परेशान करने लगा।
बताया गया कि इसी दौरान बैल गौतम वाधवानी के घर में घुस गया और उनके पिता को दौड़ाने लगा। इसके बाद गौतम वाधवानी ने अपने साथियों शंकर माखीजा, ज्ञानचंद सिन्हा, संतोष साहू, अयान हाशमी, नवीन गजेंद्र और मोहन धुर्व के साथ मिलकर स्वयं की टाटा एस गाड़ी से बैल को पकड़ा और थाने लेकर पहुंचे। वहां बैल को पुलिस के सुपुर्द करते हुए निगम प्रशासन के विरुद्ध शिकायत दर्ज करने की मांग की गई।
मामले में थाना प्रभारी ने तत्परता दिखाते हुए नगर निगम के अधिकारियों को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद निगम के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और गौतम वाधवानी की गाड़ी से ही बैल को खपरी गोठान ले जाकर छोड़ा गया।
गौतम वाधवानी ने कहा कि पूरे नगर निगम क्षेत्र में सड़कों पर आवारा मवेशियों के घूमने की समस्या बनी हुई है। रात के समय सड़कों पर कुत्तों और अन्य जानवरों के कारण भी लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। इसके बावजूद निगम प्रशासन का इस ओर पर्याप्त ध्यान नहीं है। उन्होंने कहा कि निगम प्रशासन की सुस्ती और लापरवाही के कारण लगातार हादसों का खतरा बना हुआ है और कहीं ऐसा न हो कि यह लापरवाही किसी की जान पर भारी पड़ जाए।
उन्होंने कहा कि बड़े पदों पर बैठे अधिकारियों को सूचना देने के बाद भी यदि समस्या का समाधान नहीं होता तो आम जनता आखिर अपनी समस्या लेकर कहां जाए। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले में संज्ञान लेकर जल्द समाधान कराने तथा आवारा मवेशियों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की व्यवस्था करने की मांग की, ताकि भविष्य में किसी तरह की अनहोनी को टाला जा सके।







