Home CRIME गणेश विसर्जन में विवाद, तलवार लहराकर फैलाई दहशत, 3 आरोपी गिरफ्तार

गणेश विसर्जन में विवाद, तलवार लहराकर फैलाई दहशत, 3 आरोपी गिरफ्तार

धमतरी में धुमाल पार्टी से मारपीट और तोड़फोड़ करने वालों पर पुलिस का शिकंजा, तलवार-बेसबॉल व हॉकी स्टिक जब्त

धमतरी। गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान धुमाल पार्टी से विवाद कर मारपीट, तोड़फोड़ और तलवार लहराकर दहशत फैलाने के मामले में धमतरी पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई तलवार, बेसबॉल स्टिक और हॉकी स्टिक जब्त की है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में असामाजिक तत्वों और हथियार लहराकर दहशत फैलाने वालों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की है।

धुमाल बजाने को लेकर हुआ विवाद

मिली जानकारी के अनुसार, ‘रूद्राक्ष धुमाल पार्टी’ सांकरा, नगरी के संचालक अपने साथियों के साथ धमतरी के बांसपारा में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान बाजा बजा रहे थे। इसी दौरान मराठा पारा स्थित मंगल भवन के पास पहुंचे आरोपियों ने अपनी मर्जी के मुताबिक धुमाल बजाने का दबाव बनाया। मना करने पर आरोपियों ने एक राय होकर रामबाग के पास गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि उन्होंने बेसबॉल स्टिक, हॉकी स्टिक और धारदार तलवार लेकर धुमाल पार्टी के सदस्यों के साथ मारपीट की। तलवार लहराकर दहशत फैलाने के साथ ही बाजा और वाहन में तोड़फोड़ कर नुकसान भी पहुंचाया।

तीन आरोपियों से हथियार जब्त

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 232/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5) तथा आयुध अधिनियम की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने आरोपियों को तलब कर पूछताछ की। इसके बाद गवाहों के समक्ष घटना में प्रयुक्त हथियार जब्त किए गए।

पुलिस ने रितेश पेंदरिया उर्फ रितू के कब्जे से बेसबॉल स्टिक, जतीश साहू उर्फ डुई के कब्जे से धारदार तलवार और अमरचंद पटेल उर्फ छोटू के कब्जे से हॉकी स्टिक जब्त की।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

गिरफ्तार आरोपियों में रितेश पेंदरिया उर्फ रितू (20 वर्ष), पिता संतोष पेंदरिया, निवासी मराठा पारा, मंगल भवन के पास, धमतरी; जतीश साहू उर्फ डुई (19 वर्ष), पिता टोमन साहू, निवासी बांसपारा, मंगल भवन के पास, धमतरी; तथा अमरचंद पटेल उर्फ छोटू (26 वर्ष), पिता परदेशी पटेल, निवासी महंत घासीदास वार्ड, आमापारा, बनिया तालाब, धमतरी शामिल हैं।

तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। प्रकरण में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शांति भंग करने और हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Exit mobile version