
धमतरी| कलेक्टर जय प्रकाश मौर्य ने आज आमदी स्थित कृषि उपज उपमंडी और लोहरसी स्थित धान खरीदी केन्द्र में किए जा रहे समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने औचक निरीक्षण करते हुए उपस्थित किसानों से भी चर्चा की। आमदी उपमंडी के निरीक्षण के दौरान बताया गया कि उपमंडी में पांच गांव के 2471 पंजीकृत किसान धान बेचने आते हैं। चालू खरीफ विपणन वर्ष में अब तक 5349.60 क्विंटल धान 238 पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर खरीदा गया है। इसमें पतला धान 4883 क्विंटल, सरना 290 क्विंटल तथा मोटा धान 176 क्विंटल सम्मिलित है। गौरतलब है कि आमदी स्थित कृषि उपमंडी में आमदी के अलावा पोटियाडीह, मुजगहन, रत्नाबांधा और हटकेशर के पंजीकृत किसान धान बेचते हैं। इस मौके पर कलेक्टर ने डेनेज, प्रकाश एवं पेयजल की व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा खरीदी केन्द्र में उपलब्ध बारदानों के आवश्यकताओं के संबंध में भी पूछा। बताया गया कि फिलहाल यहां पर्याप्त मात्रा में बारदाने हैं, जिसमें 25 हजार नए तथा 3315 पुराने बारदाने सम्मिलित हैं। इसके अलावा आज पंजीकृत किसानों को सोमवार के लिए टोकन भी जारी किया जा रहा है।
इसके बाद कलेक्टर ने लोहरसी स्थित धान खरीदी केन्द्र का औचक निरीक्षण किया। बताया गया है कि यहां तीन गांव के कुल 1145 पंजीकृत किसान धान बेचने आते हैं। इनमें लोहरसी, खरतुली और परसतराई शामिल है। चालू खरीफ विपणन वर्ष में अब तक 2917.20 क्विंटल धान 104 पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर खरीदा गया है। इसमें पतला धान 2669.20 क्विंटल, सरना 40.80 क्विंटल तथा मोटा धान 201.20 क्विंटल शामिल है। ज्ञात हो कि सरना और मोटा धान का समर्थन मूल्य 1868 रूपए प्रति किलो तथा पतला धान 1888 रूपए प्रति किलो तय किया गया है। कलेक्टर ने इस दौरान बारदानों की व्यवस्था की जानकारी ली। बताया गया है कि लोहरसी धान खरीदी केन्द्र में पर्याप्त मात्रा में बारदानें उपलब्ध हैं। इनमें 14043 नए बारदाने, 2284 पीडीएस बारदाने और 4320 पुराने बारदाने हैं। साथ ही यहां डेनेज और पेयजल सहित शेड की भी व्यवस्था है। कलेक्टर ने इस मौके पर खरीदी केन्द्रों में आवश्यक व्यवस्थाओं को बनाए रखने के निर्देश दिए।