Home Latest आस्था का सम्मान, सौहार्द का संकल्प: धमतरी पुलिस ने मूर्तिकारों से की...

आस्था का सम्मान, सौहार्द का संकल्प: धमतरी पुलिस ने मूर्तिकारों से की धार्मिक मर्यादा के अनुरूप प्रतिमाएं बनाने की अपील

धमतरी। आगामी गणेशोत्सव एवं शारदीय नवरात्रि सहित विभिन्न धार्मिक पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस ने जिले के सभी मूर्तिकारों से धार्मिक आस्था, परंपरा एवं मर्यादा का सम्मान करते हुए देवी-देवताओं की प्रतिमाओं का निर्माण करने की अपील की है।

धमतरी पुलिस ने कहा है कि गणेश भगवान, मां दुर्गा एवं अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं तैयार करते समय उनके प्रचलित धार्मिक स्वरूप, सांस्कृतिक परंपराओं और धार्मिक मर्यादाओं का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि किसी भी व्यक्ति अथवा समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत न हों और किसी प्रकार के विवाद या विरोध की स्थिति उत्पन्न न हो।

पुलिस ने मूर्तिकारों से आग्रह किया है कि प्रतिमाओं में ऐसे किसी भी प्रकार के प्रयोग, डिजाइन या स्वरूप से बचें, जिससे सामाजिक या धार्मिक विवाद की संभावना उत्पन्न हो। प्रतिमाओं का निर्माण सम्मानजनक, गरिमापूर्ण एवं धार्मिक मान्यताओं के अनुरूप किया जाए।

इसके साथ ही धमतरी पुलिस ने जिले के नागरिकों से भी अपील की है कि धार्मिक आयोजनों के दौरान शांति, सद्भाव एवं आपसी भाईचारा बनाए रखें। यदि किसी प्रतिमा अथवा धार्मिक आयोजन को लेकर किसी प्रकार की आपत्ति हो, तो स्वयं कानून हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

धमतरी पुलिस ने अपने संदेश में कहा है कि सभी नागरिक एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करें तथा प्रेम, सद्भाव और आपसी सहयोग के साथ पर्व मनाकर सामाजिक सौहार्द की परंपरा को मजबूत बनाएं।

धमतरी पुलिस का संदेश: “आस्था का सम्मान करें, भावनाओं की कद्र करें और मिल-जुलकर शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाएं।”

Exit mobile version