Home Latest धमतरी पुलिस का अवैध शराब कारोबार पर बड़ा प्रहार: दो आरोपी गिरफ्तार,...

धमतरी पुलिस का अवैध शराब कारोबार पर बड़ा प्रहार: दो आरोपी गिरफ्तार, 27,510 रुपये की शराब, मोबाइल और नगदी जब्त

धमतरी। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को सिटी कोतवाली एवं अर्जुनी थाना पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों मामलों में कुल 68 पौवा देशी शराब, एक मोबाइल फोन, बिक्री की नगदी सहित 27,510 रुपये की सामग्री जब्त की गई।

पुलिस अधीक्षक ने जिले में अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने, नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन एवं शराब पीने के लिए संसाधन उपलब्ध कराने वालों के विरुद्ध भी सख्त वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

सिटी कोतवाली पुलिस की कार्रवाई

थाना सिटी कोतवाली पुलिस को 5 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि सिंधी समाज श्मशान घाट के सामने नहर नाका, दानीटोला वार्ड में एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दीपांशु सिंह निवासी गोकुलपुर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

आरोपी के कब्जे से 53 पौवा देशी शराब (कीमत 4,240 रुपये), एक मोबाइल फोन (20,000 रुपये) तथा बिक्री की नगदी 1,760 रुपये जब्त की गई। कुल 26,000 रुपये की सामग्री जब्त करते हुए आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

अर्जुनी थाना पुलिस की कार्रवाई

इसी प्रकार थाना अर्जुनी पुलिस को सूचना मिली कि काटी तालाब सामुदायिक भवन के सामने राजीव नगर अछोटा में एक व्यक्ति अवैध शराब बेच रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भूपेन्द्र देवांगन निवासी राजीव नगर अछोटा को गिरफ्तार किया।

आरोपी के कब्जे से 15 पौवा देशी शराब (कीमत 1,200 रुपये) एवं बिक्री की नगदी 310 रुपये जब्त की गई। कुल 1,510 रुपये की सामग्री जब्त कर आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(1) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब, नशे के कारोबार तथा सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Exit mobile version