धमतरी। सेवा संकल्प अभियान के तहत दानीटोला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र (अंबेडकर भवन) में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बतौर अतिथि डॉ. बिथिका बिश्वास शामिल हुईं। कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं और बच्चों को स्वस्थ, स्वच्छ वातावरण, पौष्टिक आहार तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए आम नागरिकों की सहभागिता को भी महत्वपूर्ण बताया गया। छत्तीसगढ़ शासन के ‘घर-घर मुनगा, हर घर मुनगा’ अभियान के तहत मुनगा में मौजूद पोषक तत्वों की जानकारी देकर लोगों को घर के आंगन में मुनगा लगाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी के बच्चों के लिए नेवता भोज का आयोजन किया गया। स्वस्थ शिशु एवं स्वस्थ गर्भवती महिलाओं को सम्मानित करने के साथ आंगनबाड़ी की सहायिकाओं का भी सम्मान किया गया। बच्चों की प्राथमिक शिक्षा, सुपोषित आहार और स्वच्छता के प्रति जागरूकता को कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य बताया गया।
इस दौरान नगर निगम महिला एवं बाल विकास सभापति विभा चंद्राकर, दानीटोला वार्ड पार्षद अज्जू देशलहरे, समाजसेवी गौरव मगर, ब्राह्मण वार्ड पार्षद कोमल सार्वा, अजय सहित वार्ड के गणमान्य नागरिक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं तथा बड़ी संख्या में माताएं और बच्चे उपस्थित रहे।







