अनुकंपा नियुक्ति से दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को मिला संबल, महापौर रामू रोहरा ने सौंपे नियुक्ति पत्र

0

धमतरी | नगर पालिक निगम धमतरी में सेवाकाल के दौरान दिवंगत हुए शासकीय कर्मचारियों के आश्रित परिवारों को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की गई। इस अवसर पर नगर निगम के महापौर श्री रामू रोहरा ने दिवंगत कर्मचारियों के परिजनों को अनुकंपा नियुक्ति पत्र प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। महापौर श्री रामू रोहरा ने स्वर्गीय श्रीमती लक्ष्मी बाई के पुत्र श्री परमेश्वर सोना, स्वर्गीय श्री विश्वनाथ श्री ठाकुर की पत्नी श्रीमती मुन्नी बाई ठाकुर तथा स्वर्गीय कुमारी बाई की पुत्री श्रीमती ताराबाई को अनुकंपा नियुक्ति पत्र सौंपा। नियुक्ति पत्र प्राप्त होने पर परिजनों के चेहरों पर संतोष और भावुकता के भाव नजर आए।

इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति का उद्देश्य दिवंगत कर्मचारी के परिवार को कठिन परिस्थितियों में आर्थिक एवं सामाजिक संबल प्रदान करना है। कर्मचारी के निधन के बाद परिवार के सामने उत्पन्न आर्थिक कठिनाइयों को कम करने की दिशा में शासन की यह संवेदनशील व्यवस्था महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाना शासन-प्रशासन की प्राथमिकता है। अनुकंपा नियुक्ति से दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को रोजगार का अवसर मिलने के साथ उनके परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी और वे सम्मानपूर्वक अपना जीवन आगे बढ़ा सकेंगे।

महापौर ने नवनियुक्त कर्मचारियों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नगर निगम के कर्मचारी शहर की मूलभूत सुविधाओं और नागरिक सेवाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नवनियुक्त कर्मचारी भी अपनी जिम्मेदारियों को पूरी तत्परता से निभाते हुए नगरहित और जनसेवा में योगदान दें।

अनुकंपा नियुक्ति की यह पहल दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों के लिए आर्थिक सहारा बनने के साथ ही सुशासन, संवेदनशील प्रशासन और जनहित के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है। इस अवसर पर एमआईसी सदस्य युगल (पिंटू) यादव, पार्षद चंद्रभागा साहू,अज्जू देशलहरे,गजेंद्र कंवर सहित जनप्रतिनिधि गण ,कर्मचारी उपस्थित थे।