स्पंदन अभियान के तहत नक्सल संवेदनशील थानों में साफ सफाई वृक्षारोपन पी.टी. एवं योगाभ्यास

531

जवानो की शारीरिक स्वस्थता एवं आसपास स्वच्छता बनाए रखने की गई साफ-सफाई

धमतरी | पुलिस महानिदेशक महोदय श्री डी.एम. अवस्थी के निर्देश पर चलाए जा रहे स्पंदन अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक धमतरी श्री बी.पी. राजभानू के द्वारा जवानों के बेहतर स्वास्थ्य हेतु पी.टी., योगाभ्यास एवं खेलकूद कराने निर्देशित किया गया है। साथ ही राजपत्रित पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अधीनस्थ कर्मचारियों से चर्चा कर उनकी समस्याओं को सुनकर यथोचित निराकरण करने तथा थाना परिसर व उसके आसपास साफ-सफाई रखने हिदायत दिया गया है।

इसी परिप्रेक्ष्य में आज शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा जनरल परेड में जवानों की वेशभूषा का निरीक्षण कर उत्कृष्ट टर्न आउट धारण करने वाले जवानों के उत्साहवर्धन हेतु इनाम से पुरस्कृत किया गया तथा परेड उपरांत उपस्थित पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों से चर्चा कर उनकी समस्याओं को सुनकर त्वरित निराकरण हेतु निर्देश दिए।

इसी क्रम में जिले के दूरस्थ नक्सल संवेदनशील थाना- खल्लारी, बोरई, दुगली, नगरी एवं मगरलोड में पदस्थ अधिकारी व कर्मचारियों द्वारा अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहते हुए अपने-अपने थाना परिसर में पी.टी. एवं योगाभ्यास किया। तदुपरांत स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान के तहत थाना परिसर उसके आसपास की साफ सफाई करते हुए फलदार एवं छायादार वृक्षों का रोपण कर श्रमदान किया गया।