नवागांव में महिला की हत्या से सनसनी, पूछताछ के दौरान पति की तबियत बिगड़ी

301

कुरूद | ग्राम नवागांव (कचना) में एक महिला की हत्या से सनसनी फैल गई | सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया | पीएम के लिए  शव  को कुरूद लाया|  पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बिरेझर पुलिस चौकी अंतर्गत आने वाले ग्राम नवागांव (कचना) में मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने देवनारायण साहू के खेत में पूजा देवांगन पति देव नारायण देवांगन 36 वर्ष की लाश देखी जिसके बाद यह खबर आस-पास के गांव में आग की तरह फैल गई|  मृतिका के देवर योगेश देवांगन ने घटना की सूचना चौकी में दी | चौकी प्रभारी शांता लकड़ा, कुरूद एसडीओपी सारिका वैद्य मौके पर पहुंची | महिला की लाश उसकी ही साड़ी से ढकी हुई थी| सिर से खून बह रहा था | साड़ी से गला कसा था|  इस मामले  पर  पुलिस ने  बताया कि देवनारायण देवांगन का विवाह 9 साल पहले रायपुर आमापारा की पूजा के साथ हुआ  था | देवनारायण चारामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल प्रोग्राम अधिकारी हैं| दोनों का एक 8 साल का लड़का भी है | बच्चे व पत्नी सहित चारामा में रहते थे लेकिन लॉकडाउन के कारण विगत 7-8 माह से पत्नी पूजा बच्चे के साथ ससुराल नवागांव में आकर रह रही थी | देवनारायण दशहरे के दौरान यहां आया था | सोमवार की रात खाना खाने के बाद दोनों अपने कमरे में चले गए| करीब 11 बजे दोनों के बीच किसी बात को लेकर तकरार हुई | थोड़ी देर बाद पूजा अपने कमरे से भागते हुए घर से बाहर निकली | उसके पीछे-पीछे पति देवनारायण भी भागा | उसके बाद क्या हुआ किसी को पता नहीं| सुबह पूजा की लाश खेत में मिली | पुलिस संदेह के आधार पर पति देव नारायण देवांगन को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है | तबीयत बिगड़ने पर उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है|