
धमतरी | भारत सरकार के सचिवालय प्रशिक्षण एवं प्रबंध संस्थान, नई दिल्ली के 9 आईएएस अधिकारियों का दल प्रशिक्षण एवं अध्ययन भ्रमण कार्यक्रम के तहत पांच दिवसीय प्रवास पर धमतरी जिले पहुंचा है। प्रवास के दौरान अधिकारियों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद अधिकारियों ने कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को जिले की भौगोलिक एवं सामाजिक-आर्थिक स्थिति, कृषि व्यवस्था, शासन की प्रमुख योजनाओं के क्रियान्वयन तथा विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने जिले में विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे नवाचारों और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी संचालन से भी अवगत कराया। अध्ययन भ्रमण दल में श्रीमती मीनाक्षी भारद्वाज, श्री अनिकेत पॉल, श्री अपिंदर सिंह, श्री अतुल शर्मा, श्री डेमजिलियन टैंगपुआ, श्री दीपक एस, श्रीमती नीलम कुमारी, श्री जतिन सिंह एवं श्री कमल नैन शामिल हैं। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर श्रीमती कल्पना ध्रुव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कौशिक, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती जगरानी एक्का सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






