दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सहयोग करने में यकीन रखते थे डॉक्टर चंद्रहास साहू

520

कुरूद | कुरूद विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक डॉक्टर चंद्रहास साहू का 84 वर्ष की आयु में 21 सितंबर की सुबह निधन हो गया | उनके निधन से कांग्रेस और क्षेत्र में शोक की लहर है | अंतिम यात्रा उनके निवास स्थान संजय नगर वार्ड क्रमांक 13 से निकली |मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया |

1 जनवरी 1936 को  जन्म लेने वाले  डॉक्टर चंद्रहास साहू विश्वविद्यालय इलाहाबाद से आयुर्वेद विज्ञान प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति एवं यूनानी चिकित्सा की शिक्षा ग्रहण की |वे शुरू से ही कांग्रेस पार्टी से जुड़े रहे | जब कुरूद ग्राम पंचायत थी तब 1970 में डॉक्टर चंद्रहास साहू  ने सरपंच का  चुनाव  लड़ा  और जीत  हासिल की | वर्ष 1980 में कांग्रेस ने उन्हें  कुरूद विधानसभा से विधायक की टिकट दी | चुनाव में कांग्रेस  के डॉक्टर चंद्रहास साहू को 24158 मत तथा भाजपा के सोमप्रकाश गिरी को 18436 वोट मिले | इस तरह 5722 मतों से विधानसभा का पहला चुनाव जीता | सरल स्वभाव के व्यक्तित्व डॉक्टर चंद्रहास जनसेवा से लगातार जुड़े रहे | वे  जनहित के कार्यों में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सहयोग करने में यकीन रखते थे  | उनके निधन से कांग्रेस को  अपूरणीय क्षति हुई  है | वे अपने पीछे धर्मपत्नी  नीरा  साहू, बड़े पुत्र ऐश्वर्या साहू, छोटे पुत्र देवव्रत साहू पार्षद समेत भरापूरा परिवार छोड़ गए हैं|