आंध्रप्रदेश का अर्ध विक्षिप्त युवक धमतरी में मिला, पुलिस ने सेविंग के बाद नहला-धुलाकर भोजन कराया, पहनने को दिए नए कपड़े  

401

सोशल मीडिया के माध्यम से परिजनों से हुआ संपर्क, उनके आने के बाद किया जायेगा सुपुर्द 

धमतरी | पुलिस अधीक्षक बी.पी. राजभानु के निर्देशन व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मनीषा ठाकुर रावटे के मार्गदर्शन में धमतरी पुलिस लगातार अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही है। कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण से सुरक्षा हेतु लॉकडाउन की स्थिति हो या अनलॉक फेस की परिस्थितियां। धमतरी पुलिस सतत अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के साथ-साथ मानवता का परिचय भी दे रही है।

साथ ही सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने हेतु सतत पेट्रोलिंग की जा रही है। इसी  क्रम में 11 दिसम्बर को हाईवे पेट्रोलिंग अपने निर्धारित मार्ग में सतत निगाह रखते हुए पेट्रोलिंग कर रही थी कि रात्रि करीबन 10: 10 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग 30 स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास एक अर्ध विक्षिप्त व्यक्ति हाईवे पेट्रोलिंग 1 को मिला| नाम पता पूछताछ करने पर अंग्रेजी एवं तेलुगू में बात कर रहा था। वह अपना नाम पता भी नहीं बता पा रहा था, उसे हिंदी नहीं आती थी, केवल विजयनगरम बोला और इशारे से खाना मांगने लगा जिसे तत्काल नवीन ढाबा से खाना लाकर खिलाया गया।

पुलिस नियंत्रण कक्ष के माध्यम से इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। पुलिस अधीक्षक बी.पी. राजभानु एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मनीषा ठाकुर रावटे ने विजयनगरम पुलिस से संपर्क करने निर्देश दिए। सोशल मीडिया के माध्यम से उक्त व्यक्ति की फोटो और वीडियो विजयनगरम पुलिस कंट्रोल रूम को भेजकर संपर्क करने पर ज्ञात हुआ कि इस व्यक्ति की गुमशुदगी रिपोर्ट थाना बालिगापेद्धा में दर्ज है। तब संबंधित थाना के प्रभारी का नंबर लेकर उनसे संपर्क किया गया तो पता चला कि इस व्यक्ति का नाम मर्दाना कन्नम नायडू पिता रामी नायडू उम्र 46 वर्ष निवासी ग्राम गन्नाविथी वेगीपुरम विजयनगरम आंध्रप्रदेश है। जिसकी दिमागी हालत सही नहीं है तथा लॉकडाउन के दौरान घर में बिना बताए पैदल ही निकल गया था।

साथ ही उस व्यक्ति के परिजनों का नंबर मिलने पर उनसे वीडियो कॉलिंग के माध्यम से संपर्क किया गया तो उन्होंने पहचान लिया और उसे लेने के लिए वाहन से निकलना बताया | वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर मर्दाना कन्नम नायडू को नहला-धुला कर नाखून, सेविंग व बाल कटिंग कराया गया तथा नए कपड़े पहनाकर भोजन कराकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया है। मर्दाना कन्नम नायडू को सुरक्षित रखा गया है, जिसके परिजनों के आने पर सकुशल सुपुर्द किया जाएगा।धमतरी पुलिस हाईवे पेट्रोलिंग 1 के प्रधान आरक्षक वीरेंद्र बैस, आरक्षक भुनेश्वर त्रिपाठी, ओम नारायण सोनवानी एवं हेमंत उईके द्वारा मानवता का परिचय देते हुए सराहनीय कार्य किया गया है।