शिक्षा सत्र को गति देने प्रशासन सक्रिय, सभी विद्यालयों में शीघ्र उपलब्ध होंगी पाठ्यपुस्तकें

4

शेष सभी शासकीय विद्यालयों में पहुंचेंगी पाठ्यपुस्तकें, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने वितरण कार्य तेज, शिक्षा सत्र को गति देने प्रशासन सक्रिय, सभी विद्यालयों में शीघ्र उपलब्ध होंगी पाठ्यपुस्तकें गैर अनुदान प्राप्त अशासकीय विद्यालयों के लिए कक्षा 1 से 10 तक की हिन्दी एवं अंग्रेजी माध्यम की नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकों के वितरण की तिथि तय
10 जुलाई तक होगी पूर्ति

धमतरी । नवीन शिक्षा सत्र 2026-27 के सफल संचालन के लिए जिले में शासकीय विद्यालयों तक पाठ्यपुस्तकों के वितरण का कार्य तेज गति से जारी है। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के समन्वित प्रयासों से अब तक जिले के अधिकांश संकुल केंद्रों में पाठ्यपुस्तकें पहुंचाई जा चुकी हैं तथा शेष सभी संकुलों में भी 30 जून तक पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित कर दी जाएगी। विभाग का लक्ष्य है कि प्रत्येक विद्यार्थी को समय पर नई पुस्तकें उपलब्ध हों और अध्ययन कार्य पूर्ण गुणवत्ता के साथ संचालित हो। जिला शिक्षा विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के 168 संकुल केंद्रों में से 123 संकुलों तक पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया जा चुका है। शेष 45 संकुलों में भी वितरण कार्य अंतिम चरण में है। पाठ्यपुस्तक निगम से लगातार पुस्तकों की आपूर्ति हो रही है तथा वितरण प्रक्रिया की नियमित निगरानी की जा रही है। इस वर्ष कक्षा चौथी एवं सातवीं के पाठ्यक्रम में परिवर्तन किया गया है। नई पाठ्यपुस्तकों के साथ शिक्षकों को अद्यतन पाठ्यक्रम के अनुरूप प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को नवीन शिक्षण पद्धति के अनुसार गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी शिक्षा प्राप्त हो सके। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन विद्यालयों में नई पुस्तकें पहुंचने की प्रक्रिया जारी है, वहां विद्यार्थियों की पढ़ाई किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होने दी जा रही है। शिक्षक वैकल्पिक शैक्षणिक सामग्री, उपलब्ध पुस्तकों एवं अभ्यास पुस्तिकाओं के माध्यम से नियमित शिक्षण कार्य संचालित कर रहे हैं, ताकि शिक्षा सत्र सुचारु रूप से चलता रहे। विभाग ने यह भी बताया कि पीएमश्री एवं स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिन्दी माध्यम विद्यालयों की कुछ पाठ्यपुस्तकें पाठ्यपुस्तक निगम से प्राप्त होने की प्रक्रिया में हैं। इनके प्राप्त होते ही प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विद्यालयों में वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही, गैर अनुदान प्राप्त अशासकीय विद्यालयों के लिए कक्षा 1 से 10 तक की हिन्दी एवं अंग्रेजी माध्यम की नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकों के वितरण हेतु छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम द्वारा संशोधित कार्ययोजना जारी की गई है। इसके अनुसार धमतरी जिले के विकासखंडों के लिए निर्धारित तिथियों में संबंधित डिपो से पुस्तकों का वितरण किया जाएगा। धमतरी विकासखंड के लिए 7 से 9 जुलाई, कुरूद के लिए 5 एवं 6 जुलाई, तथा मगरलोड एवं नगरी विकासखंडों के लिए 7 एवं 8 जुलाई की तिथियां निर्धारित की गई हैं। जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रत्येक विद्यार्थी तक समय पर पाठ्यपुस्तक पहुंचाना और शिक्षा सत्र को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संचालित करना है। इसके लिए शिक्षा विभाग एवं छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम के बीच सतत समन्वय स्थापित कर वितरण कार्य में तेजी लाई गई है। जिला प्रशासन ने अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से अपील की है कि यदि पाठ्यपुस्तकों के संबंध में किसी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता की आवश्यकता हो तो वे संबंधित संकुल केंद्र, विकासखंड शिक्षा कार्यालय अथवा जिला शिक्षा कार्यालय से संपर्क करें। प्रशासन प्रत्येक छात्र-छात्रा तक समयबद्ध रूप से पाठ्यपुस्तक उपलब्ध कराने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।