भीषण गर्मी में राहत : तहसील परिसर में शुरू हुआ नया प्याऊ घर

7

धमतरी | भीषण गर्मी को देखते हुए आम जनता और पक्षकारों की सुविधा के लिए जिला अधिवक्ता संघ धमतरी द्वारा तहसील परिसर में पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु सराहनीय पहल की गई है। अधिवक्ता संघ द्वारा तहसील परिसर में नए प्याऊ घर (पेयजल केंद्र) की शुरुआत की गई। प्याऊ घर के शुभारंभ अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री पीयूष तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान क्षेत्र के सभी तहसीलदार एवं राजस्व अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। प्रशासनिक अधिकारियों ने अधिवक्ता संघ के इस जनहितैषी प्रयास की सराहना करते हुए इसे गर्मी के मौसम में आम नागरिकों के लिए उपयोगी पहल बताया। अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि तहसील कार्यालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग अपने राजस्व एवं कानूनी कार्यों के लिए पहुंचते हैं। बढ़ती गर्मी को ध्यान में रखते हुए लोगों को शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम के दौरान एसडीएम एवं तहसीलदारों ने स्वयं पेयजल ग्रहण कर व्यवस्था का शुभारंभ किया। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने गर्मी की शुरुआत में ही सार्वजनिक स्थलों, कार्यालय परिसरों एवं बस स्टैंड सहित अन्य स्थानों पर प्याऊ लगाने और मटका रखने के निर्देश दिए थे। इसी कड़ी में कलेक्ट्रेट परिसर में भी आमजन की सुविधा के लिए पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।