धमतरी में फिर हाई-वोल्टेज ड्रामा: 60 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा युवक, मची अफरा-तफरी

12

23 मई को भी इसी टावर पर चढ़ चुका था युवक, पारिवारिक विवाद के बीच दोहराई हरकत
धमतरी। जिले के भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम भेंड्रा में रविवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गांव का युवक यादराम साहू करीब 60 फीट ऊंचे हाईटेंशन ट्रांसमिशन टावर पर चढ़ गया। युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए पुलिस और ग्रामीणों को करीब ढाई घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। आखिरकार उसे सकुशल नीचे उतारकर भखारा पुलिस अपने साथ थाने ले गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक शाम करीब 5 बजे टावर पर चढ़ा था। ग्रामीण लगातार उसे समझाकर नीचे उतरने की अपील करते रहे, लेकिन वह किसी की बात नहीं मान रहा था। सूचना मिलते ही भखारा पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया। काफी प्रयास के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
23 मई को भी चढ़ा था इसी टावर पर
जानकारी के मुताबिक यादराम साहू पहले भी 23 मई को इसी हाईटेंशन टावर पर चढ़ चुका है। उस समय भी पुलिस और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उसे नीचे उतारा था। एक महीने के भीतर दोबारा हुई इस घटना से गांव में चिंता का माहौल है।
पारिवारिक विवाद बताया जा रहा कारण
ग्रामीणों के अनुसार युवक शादीशुदा है और उसने बाद में गांव की ही एक अन्य युवती से भी विवाह किया था। पिछले कुछ महीनों से पारिवारिक विवाद चल रहा है, जिसके चलते वह मानसिक तनाव में बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

ग्राम पंचायत भेंड्रा के सरपंच हीरेन्द्र मंडावी ने बताया कि युवक टावर पर चढ़कर ऊपर से गाली-गलौज कर रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

भखारा थाना प्रभारी शरद ताम्रकार ने बताया कि युवक को सकुशल नीचे उतार लिया गया है। उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी।