बिजली दरों में बढ़ोतरी पर कांग्रेस का विरोध, लेखराम साहू बोले- जनता पर बढ़ रहा महंगाई का बोझ

1

धमतरी। प्रदेश में एक जुलाई से लागू नई बिजली दरों को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। पूर्व विधायक एवं अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग कांग्रेस के राष्ट्रीय समन्वयक लेखराम साहू ने बिजली दरों में वृद्धि को आम उपभोक्ताओं, किसानों और छोटे व्यापारियों के लिए अतिरिक्त आर्थिक बोझ बताते हुए सरकार के फैसले पर सवाल उठाए हैं। लेखराम साहू ने कहा कि नई टैरिफ व्यवस्था लागू होने के बाद घरेलू, व्यावसायिक और कृषि उपभोक्ताओं को पहले की तुलना में अधिक बिजली बिल चुकाना पड़ेगा। उनके अनुसार विभिन्न श्रेणियों में प्रति यूनिट 30 से 50 पैसे तक की वृद्धि की गई है। इसके अलावा अग्रिम भुगतान पर मिलने वाली छूट में कटौती और विलंब शुल्क के नए प्रावधान भी लागू किए गए हैं। उन्होंने कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 0 से 100 यूनिट तक बिजली की दर 4.10 रुपये से बढ़ाकर 4.40 रुपये प्रति यूनिट कर दी गई है। वहीं कृषि पंपों की बिजली भी महंगी होने से किसानों की लागत बढ़ेगी और छोटे व्यवसायों पर भी इसका सीधा असर पड़ेगा। राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए लेखराम साहू ने कहा कि प्रदेश की जनता पहले से ही महंगाई और विभिन्न समस्याओं से जूझ रही है। किसानों को खाद-बीज, विद्यार्थियों को समय पर किताबें और हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिलने में दिक्कतें आ रही हैं। ऐसे समय में बिजली दरों में बढ़ोतरी लोगों की मुश्किलें और बढ़ाने वाली है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एक ओर जनसमस्याओं के समाधान के लिए शिविर आयोजित कर रही है, जबकि दूसरी ओर ऐसे फैसले लेकर आम लोगों पर आर्थिक बोझ डाल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और बिजली दरों में बढ़ोतरी का विरोध जारी रखेगी।