एल्डरमैन नियुक्ति पर दिलीप पटेल ने महापौर रामू रोहरा से की सौजन्य भेंट, जताया आभार

8

धमतरी | नगर पालिक निगम धमतरी में एल्डरमैन नियुक्त होने के उपरांत दिलीप पटेल ने महापौर रामू रोहरा से उनके कार्यालय पहुंचकर सौजन्य भेंट की तथा इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर दिलीप पटेल ने कहा कि संगठन एवं पार्टी नेतृत्व द्वारा उन पर जो विश्वास व्यक्त किया गया है, उस पर वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि नगर के विकास, जनसमस्याओं के समाधान तथा नागरिक हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महापौर एवं निगम प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करेंगे। महापौर रामू रोहरा ने दिलीप पटेल को एल्डरमैन नियुक्त होने पर शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए कहा कि उनके अनुभव एवं सक्रियता का लाभ नगर निगम और शहर के विकास कार्यों में अवश्य मिलेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी जनप्रतिनिधियों के सहयोग से धमतरी के विकास को नई गति मिलेगी और जनहित के कार्य प्रभावी रूप से संपादित होंगे।भेंट के दौरान शहर के विकास, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा नागरिकों की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्यों को प्राथमिकता देने पर भी चर्चा की। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने भी दिलीप पटेल को एल्डरमैन नियुक्त होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।