धमतरी में ‘वीबी-जी राम’ मिशन की शुरुआत, ग्रामीणों को मिलेगा रोजगार और स्वरोजगार का नया संबल

2

महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण, कौशल विकास और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला पंचायत में हुआ शुभारंभ समारोह

धमतरी। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका के नए अवसर सृजित करने के उद्देश्य से विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) “वीबी-जी राम” का शुभारंभ शुक्रवार को जिला पंचायत धमतरी के सभाकक्ष में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गजेन्द्र सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरुण कुमार सार्वा रहे। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री गौकरण साहू, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मोनिका देवांगन, श्रीमती धनेश्वरी साहू, श्रीमती पूजा सिन्हा, श्रीमती कुलेश्वरी गायकवाड़ सहित बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गजेन्द्र सिंह ठाकुर ने बताया कि वीबी-जी राम मिशन का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को स्थायी रोजगार एवं बेहतर आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना, महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना तथा स्थानीय संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि मिशन के तहत रोजगार सृजन, स्वरोजगार, कौशल विकास, कृषि आधारित गतिविधियां, पशुपालन, उद्यानिकी, लघु उद्योग और महिला स्व-सहायता समूहों को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि होगी।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री गौकरण साहू ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा जब गांव आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनेंगे। उन्होंने इसे ग्रामीण युवाओं, महिलाओं और किसानों के लिए नए अवसरों का द्वार बताते हुए सभी विभागों से समन्वय के साथ प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मोनिका देवांगन ने कहा कि मिशन से महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण को नई मजबूती मिलेगी। स्वयं सहायता समूहों को विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। उन्होंने योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने मिशन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण अभियान बताते हुए विश्वास जताया कि इससे गांवों में स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
इस दौरान स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को मिशन के तहत रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं, कौशल उन्नयन, सरकारी योजनाओं से जुड़ने की प्रक्रिया, प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता, विपणन और तकनीकी मार्गदर्शन की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण युवाओं का पलायन कम होगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर विकसित होंगे।
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत परिसर में वीबी-जी राम मिशन पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका अवलोकन जनप्रतिनिधियों और पंचायत पदाधिकारियों ने किया। कार्यक्रम का संचालन सहायक परियोजना अधिकारी श्री धरम सिंह ने किया तथा अंत में सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।