सार्थक स्कूल में हुआ भव्य सम्मान, भारतीय फुटबॉल टीम के साथ स्वीडन रवाना होंगे सत्यांशु दीप

1

धमतरी। समाज कल्याण विभाग द्वारा अनुदानित सार्थक विशेष विद्यालय में मंगलवार को विद्यालय के प्रतिभाशाली विशेष छात्र सत्यांशु दीप के भारतीय अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल टीम में चयन होने पर भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। सत्यांशु अब स्वीडन में आयोजित SKF Gothia Cup-2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, अभिभावकों और अतिथियों ने उनका आत्मीय अभिनंदन कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की शुरुआत संस्था के संरक्षक गोपाल शर्मा एवं मदनमोहन खंडेलवाल ने सत्यांशु को तिलक लगाकर “स्वीडन विजय यात्रा” का सैश पहनाने, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट करने के साथ की। संस्था की सचिव स्नेहा राठौड़ ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए भारत का गौरव बढ़ाने का आशीर्वाद दिया।
बताया गया कि सत्यांशु दीप ने स्पेशल ओलंपिक भारत–छत्तीसगढ़ के माध्यम से जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की चयन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की। गांधीनगर, ग्वालियर और पांडिचेरी में आयोजित राष्ट्रीय प्रशिक्षण एवं चयन शिविरों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका भारतीय अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल टीम में अंतिम चयन हुआ। वीजा सहित सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं और वे जल्द ही स्वीडन रवाना होंगे।
संस्था की अध्यक्ष डॉ. सरिता दोशी ने कहा कि सत्यांशु की सफलता विशेष बच्चों की असीम क्षमताओं, अनुशासन और निरंतर परिश्रम का प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने स्पेशल ओलंपिक भारत–छत्तीसगढ़ के स्टेट डायरेक्टर प्रमोद तिवारी, स्पोर्ट्स एक्सपर्ट रवि जैन तथा विद्यालय के प्रशिक्षकों देविका दीवान और काजल रजक के योगदान की सराहना की। उन्होंने राष्ट्रीय शिविरों में मार्गदर्शन देने वाले कोच विशाल, नागेश कुमार और चंचला पटेल का भी आभार व्यक्त किया।
प्रशिक्षकों देविका दीवान और काजल रजक ने कहा कि सत्यांशु ने कठिन अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया है तथा उन्हें विश्वास है कि वह स्वीडन में भारतीय टीम के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।
इस अवसर पर सत्यांशु को स्वीडन यात्रा के लिए ट्रॉली बैग, टी-शर्ट, लोअर, सॉक्स, ग्लव्स सहित अन्य आवश्यक सामग्री भेंट की गई। इनकी व्यवस्था में रसीला बिपिनभाई दोशी, गोपाल शर्मा, मदनमोहन खंडेलवाल, डॉ. ए.के. रावत, प्रभा रावत, पूर्व विधायक हर्षद भाई मेहता, समाज कल्याण विभाग की उपसंचालक डॉ. मनीषा पांडे, समाजसेवी आकाश कटारिया, शिवा प्रधान एवं सुधा अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा।
संरक्षक गोपाल शर्मा एवं मदनमोहन खंडेलवाल ने कहा कि सत्यांशु की उपलब्धि यह साबित करती है कि विशेष बच्चों को सही प्रशिक्षण और समाज का सहयोग मिले तो वे विश्व स्तर पर भी भारत का नाम रोशन कर सकते हैं।
सत्यांशु की माता रंभा दीप भावुक हो गईं। उन्होंने सार्थक विद्यालय परिवार, प्रशिक्षकों, स्पेशल ओलंपिक भारत–छत्तीसगढ़ और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग और विश्वास से ही उनके पुत्र का सपना साकार हुआ है।
समारोह के अंत में सत्यांशु दीप ने कहा, “मैं बहुत खुश हूं। आप सभी ने मुझे इतना प्यार और आशीर्वाद दिया, इसके लिए दिल से धन्यवाद। मैं पूरी मेहनत से खेलूंगा और भारत का नाम रोशन करने की पूरी कोशिश करूंगा।”