Home Latest Breaking News कांकेर की ओर निकली बाइक राइडर की दर्दनाक मौत, मरकाटोला घाट में...

कांकेर की ओर निकली बाइक राइडर की दर्दनाक मौत, मरकाटोला घाट में ट्रेलर ने ली 24 साल की युवती की जान

मुंबई की 24 वर्षीय महिला बाइक राइडर को ट्रेलर ने कुचला

रायपुर से कांकेर जा रहे थे 20 बाइक राइडर्स, 17 आगे निकले और तीन पीछे रह गए; सामने से आए अनियंत्रित ट्रेलर ने रिद्धि ठक्कर की बाइक को मारी जोरदार टक्कर अस्पताल पहुंचने से पहले थमी जिंदगी

धमतरी l  नेशनल हाईवे-30 पर मरकाटोला घाट के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मुंबई की 24 वर्षीय महिला बाइक राइडर की मौत हो गई। रायपुर से कांकेर की ओर जा रहे बाइकर्स ग्रुप की एक बाइक को सामने से आ रहे तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उपचार के लिए उसे पहले चारामा स्वास्थ्य केंद्र और बाद में धमतरी के श्री राम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

20 बाइक राइडर्स निकले थे रायपुर से कांकेर

मिली जानकारी के अनुसार 12 अगस्त की सुबह रायपुर से 20 बाइक राइडर्स का एक समूह रायपुर से कांकेर की ओर रवाना हुआ था। यात्रा के दौरान धमतरी पार होने के बाद समूह के 17 राइडर्स आगे निकल चुके थे, जबकि तीन लोग कुछ पीछे चल रहे थे। इसी दौरान मरकाटोला के समीप सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने एक बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।

सहेली ने पुलिस को बताई हादसे की पूरी कहानी

रायपुर निवासी अमिता बैस ने पुलिस को बताया कि रिद्धि ठक्कर उसकी सहेली थी और वह भी बाइक राइडर्स के समूह की सदस्य थी। सभी लोग कांकेर जा रहे थे। अमिता, उसकी सहेली और रिद्धि तीनों अन्य राइडर्स से पीछे चल रहे थे। इसी दौरान मरकाटोला के पास सामने से आ रहे ट्रेलर ने रिद्धि की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में रिद्धि ठक्कर, उम्र 24 वर्ष, पिता दिव्येश ठक्कर, निवासी कांदिवली (मुंबई वेस्ट), गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया गया है कि वह अपनी बाइक क्रमांक MH 12 SP 0835 से रायपुर पहुंची थीं और इसके बाद बाइकर्स ग्रुप के साथ कांकेर की ओर रवाना हुई थीं।

डायल-112 की मदद से अस्पताल पहुंचाया, धमतरी में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और साथी बाइक राइडर्स ने घायल रिद्धि की मदद की। डायल-112 के जरिए उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए चारामा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल धमतरी के श्री राम अस्पताल रेफर किया।

रिद्धि को धमतरी लाया गया, लेकिन यहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही साथी बाइक राइडर्स में शोक की लहर दौड़ गई।

ट्रेलर और चालक की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। टक्कर मारकर भागने वाले ट्रेलर और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों और घटनाक्रम की भी जांच कर रही है।

मुंबई से रायपुर पहुंचेंगे परिजन

हादसे के बाद रिद्धि ठक्कर के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल धमतरी भेजा गया है। बताया जा रहा है कि परिजन मुंबई से रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद शव को रायपुर एयरपोर्ट पहुंचाया जाएगा, जहां परिजन उसे रिसीव करेंगे।

मरकाटोला घाट के पास हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर नेशनल हाईवे-30 पर तेज रफ्तार और अनियंत्रित भारी वाहनों से होने वाले सड़क हादसों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। वहीं, साथी बाइक राइडर्स के बीच 24 वर्षीय रिद्धि ठक्कर की मौत से गहरा शोक व्याप्त है।

मरकाटोला घाट में सड़क हादसे में मुंबई की महिला बाइक राइडर की मौत
मरकाटोला घाट के पास NH-30 पर ट्रेलर की टक्कर से मुंबई की महिला बाइक राइडर की मौत

डीएसपी भानुप्रताप चंद्राकर के अनुसार मृतका की पहचान मुंबई निवासी रिद्धि ठक्कर के रूप में हुई है। वह अपने बाइक राइडिंग ग्रुप के साथ छत्तीसगढ़ आई थी। पुलिस ने उसके साथ यात्रा कर रहे साथियों के बयान दर्ज किए हैं। मामले में मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे की जानकारी मिलने पर महापौर रामू रोहरा भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतका के साथियों से घटना की जानकारी ली और आवश्यक मदद का भरोसा दिलाया। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।

Exit mobile version