कुरूद एसडीएम कार्यालय में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की दबिश
10 हजार की रिश्वत लेते बाबू रंगेहाथ गिरफ्तार
प्लाट डायवर्सन के लिए मांगे थे 20 हजार रुपए, शिकायत के बाद योजनाबद्ध कार्रवाई; कार्यालय में मचा हड़कंप
धमतरी/कुरूद। कुरूद में बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वतखोरी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने सोमवार को अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कार्यालय की भू-अर्जन एवं डायवर्सन शाखा में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी पुनेश्वर सूर्यवंशी को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। कर्मचारी पर प्लाट डायवर्सन की प्रक्रिया के एवज में 20 हजार रुपए की मांग करने का आरोप है। शिकायत मिलने के बाद भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की।
मिली जानकारी के अनुसार कुरूद के संजय नगर शिक्षक कॉलोनी निवासी जमीन कारोबारी प्रकाश चंद्राकर ने करीब 1200 वर्गफीट के प्लाट का डायवर्सन कराने के लिए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कार्यालय की भू-अर्जन एवं डायवर्सन शाखा में आवेदन दिया था। आरोप है कि शाखा में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी पुनेश्वर सूर्यवंशी ने डायवर्सन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के एवज में 20 हजार रुपए की मांग की।

रिश्वत की मांग से परेशान शिकायतकर्ता प्रकाश चंद्राकर ने रायपुर पहुंचकर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में शिकायत की। शिकायत के सत्यापन के बाद ब्यूरो की टीम ने कर्मचारी को रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ने की योजना बनाई।
सोमवार दोपहर करीब 12 बजे पुलिस उप अधीक्षक राजेश चौधरी के नेतृत्व में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के अधिकारी और कर्मचारियों की टीम कुरूद अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कार्यालय पहुंची। टीम के निर्देश के अनुसार शिकायतकर्ता ने कर्मचारी पुनेश्वर सूर्यवंशी को 10 हजार रुपए दिए।
जैसे ही कर्मचारी ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, पहले से तैनात भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। अचानक हुई कार्रवाई से अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कार्यालय में हड़कंप मच गया। कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों के बीच भी कार्रवाई को लेकर चर्चा शुरू हो गई।
कार्रवाई के बाद भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम आरोपी कर्मचारी के कक्ष में दस्तावेजों और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी रही। मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।