Home Latest सुंदरगंज वार्ड में 6.59 लाख रुपये की लागत से बनेगी सीसी रोड,...

सुंदरगंज वार्ड में 6.59 लाख रुपये की लागत से बनेगी सीसी रोड, विधायक ओंकार साहू ने किया औचक निरीक्षण

निर्माण कार्य शुरू होने से पहले मौके पर पहुंचकर लिया जायजा, गुणवत्ता और समय-सीमा का पालन करने अधिकारियों को दिए निर्देश
धमतरी। शहर के वार्डों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार एवं नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से धमतरी विधायक श्री ओंकार साहू लगातार विकास कार्यों पर नजर रख रहे हैं। इसी कड़ी में आज उन्होंने धमतरी शहर के सुंदरगंज वार्ड में विकास शुल्क मद से 6 लाख 59 हजार रुपये की लागत से प्रस्तावित सीसी रोड निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया।
निर्माण कार्य प्रारंभ होने से पहले विधायक ओंकार साहू ने मौके पर पहुंचकर प्रस्तावित निर्माण स्थल का जायजा लिया तथा कार्य से संबंधित आवश्यक जानकारियां प्राप्त कीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीसी रोड का निर्माण निर्धारित तकनीकी मापदंडों एवं गुणवत्ता के अनुरूप किया जाए। निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
विधायक ओंकार साहू ने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड में सड़क, नाली, पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का विकास उनकी प्राथमिकता है। विकास कार्यों का वास्तविक लाभ तभी आम नागरिकों को मिलेगा, जब निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण और टिकाऊ हों। इसलिए आवश्यक है कि प्रत्येक निर्माण कार्य की नियमित निगरानी हो और जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कार्य समय पर पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि विकास शुल्क मद से प्राप्त राशि का उपयोग शहर के विकास एवं नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए किया जा रहा है। वार्डों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाएगी।
विधायक के इस औचक निरीक्षण का उद्देश्य निर्माण कार्य प्रारंभ होने से पहले ही आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेना तथा यह सुनिश्चित करना था कि वार्डवासियों को मजबूत एवं टिकाऊ सीसी रोड की सुविधा मिल सके।

Exit mobile version