
जैतपुरी में वन विभाग की टीम पर हमला: DFO वरुण जैन समेत अधिकारियों पर ग्रामीणों ने किया हमला, 5 गिरफ्तार
धमतरी। सिहावा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम जैतपुरी में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब अतिक्रमणकारियों की गिरफ्तारी करने पहुंची वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस दौरान उदंती सीता नदी अभ्यारण के उपनिदेशक (DFO) वरुण जैन समेत अन्य अधिकारी-कर्मचारियों को निशाना बनाया गया। हमले के बाद टीम ने किसी तरह अपनी जान बचाई और तत्काल सिहावा थाना को सूचना देकर पुलिस बल बुलाया गया। मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार 18 मई को उदंती सीता नदी अभ्यारण के उपनिदेशक वरुण जैन अपनी टीम के साथ ग्राम जैतपुरी पहुंचे थे। वन विभाग द्वारा यहां अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही थी और गिरफ्तारी की प्रक्रिया चल रही थी। जैसे ही वन विभाग की टीम गांव पहुंची, बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए और विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम पर हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि उस समय वन विभाग की टीम के साथ पुलिस बल मौजूद नहीं था, जिसके कारण स्थिति और बिगड़ गई। हमले के दौरान अधिकारी-कर्मचारियों को जान बचाकर गांव से बाहर निकलना पड़ा। बाद में सिहावा थाना को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया गया।
ड्रोन सर्वे और सैटेलाइट इमेजरी से हुआ था बड़ा खुलासा
ज्ञात हो कि वन विभाग को हाल ही में सैटेलाइट इमेजरी और ड्रोन सर्वे के जरिए बड़ा खुलासा मिला था। जांच में सामने आया कि सीतानदी टाइगर रिजर्व के कोर वन्यप्राणी क्षेत्र और महानदी के कैचमेंट इलाके में पिछले 15 वर्षों के दौरान बड़े पैमाने पर अवैध कटाई और अतिक्रमण किया गया है।
वन विभाग के अनुसार लगभग 1 लाख पेड़ों की अवैध कटाई कर 106 हेक्टेयर यानी करीब 265 एकड़ वन भूमि पर कब्जा कर लिया गया। मामले में ग्राम जैतपुरी के 166 अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही थी।
वन विभाग की जांच में यह भी सामने आया कि वर्ष 2011 में जहां 45 हेक्टेयर क्षेत्र में अतिक्रमण पाया गया था, वहीं अगले दस वर्षों में यह बढ़कर 106 हेक्टेयर तक पहुंच गया। पहले इस क्षेत्र में प्रति हेक्टेयर लगभग 1000 पेड़ मौजूद थे, जो अब घटकर केवल 25 से 50 पेड़ प्रति हेक्टेयर रह गए हैं। इससे साफ है कि खेती और कब्जे के लिए बड़े पैमाने पर जंगल की कटाई की गई।
वन विभाग ने सभी 166 आरोपियों के खिलाफ POR क्रमांक 15/10, 15/11, 15/12 और 15/13 दर्ज कर बेदखली नोटिस जारी किया था।
DFO ने कही यह बात
उदंती सीता नदी अभ्यारण के उपनिदेशक वरुण जैन ने बताया कि वन विभाग की टीम अतिक्रमणकारियों की गिरफ्तारी के लिए जैतपुरी गई हुई थी। इसी दौरान ग्रामीणों ने हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि टीम ने किसी तरह अपनी जान बचाई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। फिलहाल पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा आगे की कार्रवाई जारी है।






