
धमतरी। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गंगरेल बांध में 14 जून, रविवार को आयोजित होने जा रही भव्य साइकिल रेसिंग प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। जय माँ कामाख्या जन कल्याण सेवा समिति, धमतरी के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता के लिए अब तक विभिन्न राज्यों से 550 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीयन करा लिया है।
आयोजक खुबलाल ध्रुव ने बताया कि प्रतियोगिता का शुभारंभ सुबह 6 बजे से होगा। इसमें विभिन्न आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं, युवाओं एवं महिलाओं के लिए अलग-अलग श्रेणियां निर्धारित की गई हैं, ताकि सभी प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।
अलग-अलग आयु वर्ग में होगी प्रतियोगिता
प्रतियोगिता में 5 से 10 वर्ष, 10 से 15 वर्ष तथा 16 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। छोटे बच्चों के लिए 4 किलोमीटर और बड़े वर्ग के लिए 12 किलोमीटर की दूरी तय की गई है। 5 से 10 वर्ष आयु वर्ग के विजेता को 2100 रुपये, जबकि 10 से 15 वर्ष आयु वर्ग के प्रथम स्थान प्राप्त प्रतिभागी को 5000 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा अन्य स्थानों के लिए भी आकर्षक नगद पुरस्कार रखे गए हैं।
16 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के बालक वर्ग में प्रथम पुरस्कार 50 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 25 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 15 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं बालिका वर्ग में प्रथम पुरस्कार 10 हजार रुपये रखा गया है। प्रतियोगिता में प्रथम से छठे स्थान तक आने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
विभिन्न राज्यों से पहुंच रहे प्रतिभागी
आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, हरियाणा, मध्य प्रदेश, बिहार, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से अब तक 550 से अधिक पंजीयन प्राप्त हो चुके हैं। कई प्रतिभागी धमतरी पहुंचना भी शुरू कर चुके हैं। आयोजन को लेकर खिलाड़ियों और युवाओं में खासा उत्साह है।
आयोजकों ने बाहर से आने वाले प्रतिभागियों के लिए रुकने एवं भोजन की विशेष व्यवस्था भी की है। उनका कहना है कि गंगरेल बांध की प्राकृतिक वादियों के बीच आयोजित होने वाली यह प्रतियोगिता जिले के खेल इतिहास में एक यादगार आयोजन साबित होगी और युवाओं में स्वास्थ्य, फिटनेस तथा साइकिलिंग संस्कृति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
आयोजन समिति ने जिले एवं आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों, विद्यार्थियों और साइकिलिंग प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर प्रतियोगिता को सफल बनाने की अपील की है।






