
धमतरी | धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान हुई लूट और हमला करने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन विधि से संघर्षरत बालकों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और धारदार कैची बरामद की गई है।
शादी समारोह में पहुंचे थे पीड़ित
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी दयानंद साहू (40 वर्ष), निवासी पेण्डरवानी चौकी कंवर थाना गुरूर जिला बालोद, 27 अप्रैल 2026 को अपने रिश्तेदार के विवाह समारोह में शामिल होने सिहाद गांव आया था। रात करीब 9:15 बजे वह अपने छोटे साढ़ू तिलक राम साहू के साथ पंचायत भवन के पीछे तालाब की ओर हाथ-मुंह धोने गया था।
इसी दौरान वहां पहुंचे चार अज्ञात युवकों ने दोनों को डराना-धमकाना शुरू कर दिया और “यहां बैठना मना है” कहकर विवाद करने लगे।
चाकूनुमा हथियार दिखाकर की लूट
आरोपियों ने धारदार हथियार दिखाकर दयानंद साहू से उसकी शर्ट की जेब में रखा वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और 50 रुपये नगद लूट लिए। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके बाएं जांघ पर धारदार वस्तु से हमला कर घायल कर दिया।
इसके बाद आरोपियों ने तिलक राम साहू से भी 500 रुपये नगद लूट लिए और विरोध करने पर उसे भी घायल कर दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपियों तक पहुंच
घटना की सूचना मिलते ही थाना भखारा पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। दोनों घायलों का कुरूद शासकीय अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने संदेही किशन यादव एवं तीन नाबालिगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग किशोर न्याय बोर्ड भेजे गए
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से:
लूटा गया वीवो मोबाइल,
घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल,
और धारदार कैची बरामद कर जब्त की है।
मुख्य आरोपी किशन यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं तीनों विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
आरोपी का विवरण
नाम: किशन यादव पिता का नाम: मनहरण यादव उम्र: 30 वर्ष निवासी: ग्राम कोसमर्रा, थाना भखारा, जिला धमतरी (छत्तीसगढ़)





