दार्जिलिंग में राष्ट्रीय स्काउट्स बेसिक कमिश्नर कोर्स सम्पन्न, धमतरी के 7 पदाधिकारियों ने प्राप्त किया प्रमाण पत्र

8

5 दिवसीय राष्ट्रीय प्रशिक्षण में नेतृत्व, संगठन, अनुशासन और सेवा भाव का मिला प्रशिक्षण, जिले में स्काउट-गाइड गतिविधियों के विस्तार का संकल्प
धमतरी। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राष्ट्रीय मुख्यालय के निर्देशन में पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले के कुर्सियांग में आयोजित 5 दिवसीय राष्ट्रीय स्तरीय स्काउट्स बेसिक कमिश्नर कोर्स सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस प्रतिष्ठित प्रशिक्षण में छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से सात पदाधिकारियों ने भाग लेकर जिले का गौरव बढ़ाया।
प्रशिक्षण में मुख्य जिला आयुक्त चेतन हिंदुजा, जिला अध्यक्ष डॉ. गणेश प्रसाद साहू, उपाध्यक्ष जितेंद्र कुमार साहू, मुख्यालय आयुक्त नंद किशोर साहू तथा जिला पदाधिकारी डिपेंद्र साहू, राकेश साहू और देवेश अग्रवाल शामिल हुए। पांच दिवसीय प्रशिक्षण का संचालन शिविर संचालक अशोक देशमुख, पूनम साहू एवं सरिता पांडे ने किया। इस दौरान प्रदेश राज्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण में स्काउट-गाइड के इतिहास, उद्देश्य, सिद्धांत, मूल्य आधारित शिक्षा, संगठनात्मक संरचना, निरीक्षण कार्य, वित्त एवं धन संग्रह, व्यवहार विश्लेषण, नेतृत्व क्षमता तथा वर्तमान समय में स्काउट-गाइड की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। प्रोजेक्ट एवं व्यवहारिक गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को भ्रमण कार्यक्रम के तहत नेताजी सुभाष चंद्र बोस संग्रहालय का भी अवलोकन कराया गया। यहां नेताजी के जीवन, संघर्ष और देशभक्ति से जुड़े दुर्लभ दस्तावेज एवं चित्रों को देखकर सभी प्रतिभागी प्रेरित हुए। इसके अलावा स्काउट-गाइड से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का भी भ्रमण कराया गया।
कोर्स के अंतिम दिन आयोजित परीक्षा में धमतरी जिले के सभी सात प्रतिभागी सफल रहे और उन्हें बेसिक कमिश्नर प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
जिला अध्यक्ष डॉ. गणेश प्रसाद साहू ने कहा कि यह प्रशिक्षण अत्यंत प्रेरणादायी रहा। यहां से प्राप्त अनुशासन, नेतृत्व और सेवा भाव को जिले के प्रत्येक स्कूल एवं ब्लॉक तक पहुंचाया जाएगा।
मुख्य जिला आयुक्त चेतन हिंदुजा ने प्रशिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशिक्षण से स्काउट-गाइड आंदोलन की मूल भावना और उसके वास्तविक उद्देश्य को समझने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि प्राप्त अनुभव का उपयोग धमतरी जिले में स्कूल स्तर पर स्काउट-गाइड इकाइयों के विस्तार, शिविरों के आयोजन तथा बच्चों में अनुशासन एवं सेवा भावना विकसित करने के लिए किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि आगामी समय में एडवांस कमिश्नर कोर्स का आयोजन गोवा में प्रस्तावित है।
इस उपलब्धि पर जिला कलेक्टर अविनाश मिश्रा, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मधुलिका तिवारी, जिला स्काउट-गाइड संघ के पदाधिकारियों, स्काउटर्स एवं गाइडर्स ने सभी प्रशिक्षित कमिश्नर पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।