धमतरी चेकिंग विवाद में नया मोड़: युवक बोला- न रिश्वत मांगी गई, न किसी दबाव में दिया बयान

8

वायरल वीडियो के बाद युवक का नया वीडियो सामने आया, कहा- गलतफहमी और तनाव की वजह से बढ़ा था विवाद; जांच जारी

धमतरी। अर्जुनी थाना क्षेत्र में पुलिस चेकिंग के दौरान हुए विवाद और उसके वायरल वीडियो मामले में नया मोड़ आ गया है। जिस युवक ने पहले पुलिसकर्मियों पर दुर्व्यवहार और मारपीट के आरोप लगाते हुए वीडियो साझा किया था, उसी युवक ने अब एक नया वीडियो जारी कर पूरे घटनाक्रम को गलतफहमी का परिणाम बताया है।
सोशल मीडिया पर जारी अपने नए वीडियो में युवक ने बताया कि 4-5 जून की दरमियानी रात वह अपनी पत्नी और छोटी बच्ची के साथ फिल्म देखकर घर लौट रहा था। इसी दौरान पोटियाडीह ब्रिज के पास पुलिस चेकिंग के दौरान उसे पूछताछ के लिए रोका गया। युवक के अनुसार, वहां बैरिकेडिंग नहीं होने और स्थिति स्पष्ट नहीं होने के कारण उसे असहज महसूस हुआ, जिसके चलते उसने अपनी सुरक्षा के लिए वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू कर दी।
युवक ने कहा कि रिकॉर्डिंग के दौरान पुलिसकर्मियों और उसके बीच बहस हो गई, जिसके बाद थाना प्रभारी को मौके पर बुलाया गया। वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया में चल रही चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए उसने स्पष्ट किया कि पुलिस ने उससे किसी प्रकार की रिश्वत नहीं मांगी थी।
युवक ने अपने बयान में कहा, “पुलिस ने मुझसे एक रुपये की भी रिश्वत नहीं मांगी। वे केवल पहचान संबंधी दस्तावेज मांग रहे थे। उस समय मेरे पास सभी दस्तावेज मौजूद नहीं थे, हालांकि मैंने आधार कार्ड और मोबाइल में उपलब्ध जानकारी दिखाई थी। बाद में आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत कर दिए गए।”
उसने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अब इस विवाद को आगे नहीं बढ़ाया जाना चाहिए। युवक के मुताबिक लगातार विवाद बढ़ने से दोनों पक्षों के परिवार प्रभावित हो रहे हैं और उसकी छोटी बच्ची की तबीयत पर भी असर पड़ा है। उसने यह भी कहा कि वह नहीं चाहता कि पुलिसकर्मियों के खिलाफ नए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाएं।
युवक ने यह भी स्पष्ट किया कि वह यह वीडियो किसी दबाव में नहीं, बल्कि अपनी स्वेच्छा से जारी कर रहा है। उसके अनुसार, उस रात जो कुछ हुआ वह मुख्य रूप से गलतफहमी और परिस्थितिजन्य तनाव का परिणाम था।

वहीं, पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने पहले ही कहा कि मामले की जांच जारी है। उन्होंने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जांच के लिए तीन डीएसपी स्तर के अधिकारियों की टीम गठित की गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर जो तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

फिलहाल युवक के नए वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा का रुख बदलता नजर आ रहा है। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर और अधिक स्पष्ट हो सकेगी।