Home Latest छत्रपति शिवाजी महाराज का राज्याभिषेक उत्साहपूर्वक मनाया, गूंजे जयघोष

छत्रपति शिवाजी महाराज का राज्याभिषेक उत्साहपूर्वक मनाया, गूंजे जयघोष

धमतरी। छत्रपति शिवाजी महाराज उत्सव समिति द्वारा छत्रपति शिवाजी चौक में छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर के वरिष्ठजन, युवा, महिला संगठन सहित बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी शामिल हुए।
समारोह के दौरान चार पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गंगाजल एवं पंचगव्य से छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का राज्याभिषेक किया। इसके बाद प्रतिमा को पुष्पमालाओं से सुसज्जित कर आरती की गई। पूरे परिसर में “छत्रपति शिवाजी महाराज की जय” और “जीजामाता की जय” के जयघोष गूंजते रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने छत्रपति शिवाजी महाराज के हिंदवी स्वराज्य के आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यदि समाज संगठित और जागरूक नहीं रहेगा तो उसे पराधीनता का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए नई पीढ़ी को अपने महापुरुषों और वीर राजाओं के इतिहास से परिचित कराना आवश्यक है।
वक्ताओं ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज एक कुशल योद्धा, दूरदर्शी रणनीतिकार, गौ-रक्षक तथा प्रजा के हितैषी शासक थे। उन्होंने महिलाओं को सदैव मातृ-स्वरूप सम्मान दिया, मंदिरों की रक्षा की और सीमित संसाधनों के बावजूद गुरिल्ला युद्ध नीति के माध्यम से शत्रुओं को परास्त किया।
कार्यक्रम के अंत में समाज और राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित रहने का आह्वान किया गया तथा उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

Exit mobile version