Home Latest शाला प्रवेश उत्सव में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हुआ आत्मीय स्वागत, महापौर रामू...

शाला प्रवेश उत्सव में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हुआ आत्मीय स्वागत, महापौर रामू रोहरा ने वितरित की पुस्तकें, सरस्वती साइकिल एवं प्रमाणपत्र

धमतरी | शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भोथली एवं संकुल भोथली (धमतरी) में विद्यालय एवं संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर निगम धमतरी के महापौर श्री रामू जगदीश रोहरा उपस्थित रहे, जबकि समाजसेवी श्री धनराज लुनिया विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं मुंह मीठा कराकर आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासन का पालन करने तथा शिक्षा के माध्यम से अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करने के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथि महापौर श्री रामू रोहरा ने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के सर्वांगीण विकास की सबसे मजबूत नींव है। शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना है। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर अध्ययन करने तथा अपने माता-पिता, विद्यालय और जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया। साथ ही पात्र छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत साइकिलें प्रदान की गईं, जिससे उन्हें विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी। विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर संकुल प्राचार्य श्री एल. के. उपाध्याय एवं संकुल समन्वयक श्री कुंदन सिंह ढालेन ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों एवं शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के सदस्य, पालकगण, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन का वातावरण उत्साह, प्रेरणा और शिक्षा के प्रति समर्पण की भावना से ओत-प्रोत रहा।

Exit mobile version