Home Latest Breaking News भखारा में बुजुर्ग की हत्या: बाइक मरम्मत विवाद में चाकूबाजी, एक आरोपी...

भखारा में बुजुर्ग की हत्या: बाइक मरम्मत विवाद में चाकूबाजी, एक आरोपी गिरफ्तार

भखारा में बुजुर्ग की चाकू मारकर हत्या, बाइक मरम्मत के पैसों को लेकर हुआ विवाद
धमतरी। जिले के भखारा नगर पंचायत में बुधवार रात बाइक मरम्मत के पैसों के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। महावीर चौक के पास खड़े एक बुजुर्ग पर बाइक सवार युवकों ने हमला कर दिया, जिसमें उनकी मौत हो गई। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार अन्नू निर्मलकर के नाती साहिल निर्मलकर ने कुछ समय पहले चिक्कू दीवान की बाइक चलाने के लिए ली थी। इसी दौरान बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद बाइक की मरम्मत में करीब 24 हजार रुपये खर्च आने लगा। साहिल ने किसी तरह 5 हजार रुपये की व्यवस्था कर चिक्कू को दिए, लेकिन बाकी रकम को लेकर लगातार विवाद बना हुआ था।
बताया जा रहा है कि बुधवार देर शाम अन्नू निर्मलकर भखारा के महावीर चौक के पास खड़े थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन युवक वहां पहुंचे और बाइक मरम्मत के पैसे को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और जमकर नोकझोंक होने लगी। इसी दौरान शिवम साहू ने अपने पास रखे धारदार चाकू से अन्नू निर्मलकर के गले पर हमला कर दिया।
हमला इतना गंभीर था कि अन्नू निर्मलकर मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक के पुत्र संतोष निर्मलकर ने बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से घायल को पहले भखारा अस्पताल और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रात 10:15 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही भखारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इलाके में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई।
एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरार
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र पांडे ने बताया कि बाइक दुर्घटना के बाद मरम्मत खर्च को लेकर विवाद चल रहा था। इसी मामले में शिवम साहू, चिक्कू दीवान और राहुल कंवर चौक में मौजूद थे। विवाद के दौरान शिवम साहू ने अन्नू निर्मलकर के गले पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने चिक्कू दीवान को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि शिवम साहू और राहुल कंवर की तलाश जारी है।

Exit mobile version