विभिन्न समस्याओं को लेकर बठेना वार्ड के पार्षद एवं वार्डवासियों ने महापौर रामू रोहरा से की मुलाकात

7

धमतरी/ बठेना वार्ड की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर वार्ड पार्षद एवं वार्डवासियों के प्रतिनिधिमंडल ने महापौर श्री रामू रोहरा से मुलाकात की। इस दौरान वार्ड में सड़क, नाली, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं से महापौर को अवगत कराया गया।

वार्डवासियों ने बताया कि लंबे समय से कुछ आवश्यक विकास कार्य लंबित हैं, जिससे आम नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इन समस्याओं के शीघ्र निराकरण एवं आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराने की मांग रखी।

महापौर श्री रामू रोहरा ने वार्डवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है और प्रत्येक वार्ड के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बठेना वार्ड की समस्याओं का परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

इस अवसर पर वार्ड पार्षद एवं एमआईसी सदस्य श्यामलाल नेताम सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। वार्डवासियों ने अपनी समस्याओं को सुनने एवं सकारात्मक पहल करने के लिए महापौर का आभार व्यक्त किया।