
धमतरी। बच्चों में बढ़ते गैर-संचारी रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वास्थ्य संबंधी सूचनाओं के प्रभावी प्रसार में मीडिया की भूमिका को सशक्त बनाने के उद्देश्य से यूनिसेफ एवं एमसीसीआर ट्रस्ट के सहयोग से धमतरी में पत्रकारों के लिए क्षेत्रीय संवाद एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सिकल सेल रोग (SCD), टाइप-1 मधुमेह (T1D), जन्मजात हृदय रोग (CHD) तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य (MCH) से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यूनिसेफ छत्तीसगढ़ के राज्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. गजेंद्र सिंह ने कहा कि बच्चों में गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान और उपचार से गंभीर जटिलताओं को काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं, जांच सुविधाओं और समुदाय आधारित जागरूकता अभियानों की जानकारी साझा करते हुए जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
संवाद सत्र में धमतरी शहर सहित नगरी-सिहावा, मगरलोड और कुरूद क्षेत्र के पत्रकारों ने भाग लिया। इस दौरान डॉ. डी. श्याम कुमार ने कहा कि मीडिया केवल सूचना का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक व्यवहार परिवर्तन का प्रभावी उपकरण है। स्वास्थ्य विषयों पर तथ्यात्मक और संवेदनशील रिपोर्टिंग समाज में जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने सिकल सेल रोग की नियमित जांच एवं उपचार, बच्चों में टाइप-1 मधुमेह के शुरुआती लक्षणों की पहचान, जन्मजात हृदय रोग से प्रभावित बच्चों के शीघ्र उपचार तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही पूर्ण टीकाकरण, पोषण, एनीमिया नियंत्रण और सामुदायिक सहयोग को मजबूत करने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।
विशेषज्ञों ने कहा कि मीडिया, स्वास्थ्य विभाग और समुदाय के संयुक्त प्रयासों से स्वास्थ्य योजनाओं और सेवाओं की जानकारी अधिक प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाई जा सकती है। इससे न केवल जागरूकता बढ़ेगी, बल्कि समय पर उपचार और स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में रायपुर से आए वरिष्ठ संपादक बाबूलाल शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार राजेश जॉन पॉल एवं के.एन. किशोर ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देकर मीडिया समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकता है।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने बच्चों और माताओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए जिम्मेदार एवं जनहितकारी पत्रकारिता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. रश्मि राव, शमी इमाम, दीपक साहू, विजय साहू एवं एमसीसीआर ट्रस्ट का विशेष योगदान रहा।






