
राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर कांग्रेस का बड़ा हमला, भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
धमतरी में कांग्रेस की प्रेसवार्ता, राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर भाजपा को घेरा
शैलेश नितिन त्रिवेदी बोले- रामभक्तों की आस्था से खिलवाड़ करने वालों को बचाया नहीं, कानून के कटघरे में खड़ा किया जाए
धमतरी l अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के मुद्दे पर कांग्रेस ने भाजपा और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पर तीखा हमला बोला है। जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी द्वारा गुरुवार को राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में पाठ्यपुस्तक निगम के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं, लेकिन उनकी आस्था के साथ विश्वासघात किया गया है।
त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि भाजपा और उसके सहयोगी संगठनों ने वर्षों तक भगवान राम के नाम पर देशभर से चंदा एकत्र किया और सत्ता तक पहुंचे, लेकिन अब राम मंदिर के चढ़ावे और आर्थिक लेन-देन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल वित्तीय अनियमितता का मामला नहीं, बल्कि करोड़ों रामभक्तों की आस्था पर चोट है।
उन्होंने आरोप लगाया कि “भाजपा ने देवद्रव्य चोरी करने के महापाप का संरक्षण किया है।” उनका कहना था कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के गठन की नैतिक जिम्मेदारी केंद्र सरकार पर है, इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
कांग्रेस के सवाल
पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार और ट्रस्ट से कई सवाल पूछे। उन्होंने कहा कि यदि सब कुछ पारदर्शी था तो संबंधित पदाधिकारियों के इस्तीफे क्यों हुए? स्वतंत्र न्यायिक जांच से परहेज क्यों किया जा रहा है? क्या दोषियों को बचाने का प्रयास हो रहा है? शीर्ष स्तर पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
ये रखीं प्रमुख मांगें
कांग्रेस ने मांग की कि पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र न्यायिक जांच कराई जाए। कथित रूप से जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की जाए। साथ ही श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को भंग कर चढ़ावे और चंदे का फॉरेंसिक ऑडिट कराया जाए।
पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चन्द्राकर, अरविंद दोशी, आनंद पवार, कविता योगेश बाबर, योगेश शर्मा, सूर्याराव पवार, रजत जसूजा, कृष्णा मरकाम, विशु देवांगन, सूर्यप्रभा चेटियार, आशुतोष खरे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे





