Home Latest Breaking News धमतरी का ‘ब्लैक स्पॉट’ बना अर्जुनी मोड़: डिवाइडर से टकराई ऑटो, दो...

धमतरी का ‘ब्लैक स्पॉट’ बना अर्जुनी मोड़: डिवाइडर से टकराई ऑटो, दो घायल , पहले भी हो चुका है बड़ा हादसा

धमतरी। अर्जुनी मोड़ के पास एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है। यहाँ एक माल वाहक ऑटो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई, जिससे वाहन में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही सामाजिक संगठन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।

वरदान परामर्श सेवा समिति ने पहुँचाई मदद

​सड़क हादसे की सूचना मिलते ही वरदान परामर्श सेवा समिति के शिवा प्रधान, खिलावन साहू और टीकू साहू बिना समय गंवाए तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। समिति के सदस्यों ने घायलों (मुकेश साहू एवं चेतन ध्रुव) को तुरंत प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। इसके बाद दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए निजी अस्पताल और जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां फिलहाल उनका उपचार जारी है।

अंधेरा और संकेतक बोर्ड न होना बन रहा हादसों का कारण

​स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों के अनुसार, अर्जुनी मोड़ के पास पर्याप्त प्रकाश (लाइटिंग) व्यवस्था नहीं है। इसके साथ ही डिवाइडर और तीव्र मोड़ से संबंधित कोई स्पष्ट संकेतक (Sign Board) या रिफ्लेक्टर भी नहीं लगाए गए हैं। रात के अंधेरे में वाहन चालकों को डिवाइडर का अंदाजा नहीं मिल पाता, जिसके कारण यहाँ आए दिन भीषण दुर्घटनाएं हो रही हैं।

Exit mobile version