बेमौसम बारिश की आशंका, धान खरीदी केंद्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश

0

बेमौसम बारिश की आशंका, धान खरीदी केंद्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने अधिकारियों को दिए निर्देश, केप कव्हर और तिरपाल से ढका जाएगा खुले में रखा धान

धमतरी  जिले में चक्रवात ‘अकवन’ के प्रभाव से असामयिक बारिश की संभावना को देखते हुए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने धान खरीदी केंद्रों में भंडारित धान की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बेमौसम बारिश के कारण खुले में रखा धान किसी भी स्थिति में खराब नहीं होना चाहिए।

कलेक्टर ने गुरुवार देर शाम जिले के सभी एसडीएम, धान खरीदी केंद्रों के लिए नियुक्त जिला स्तरीय नोडल अधिकारियों, जिला खाद्य अधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी धान खरीदी केंद्रों में खुले में रखे धान को बारिश से बचाने के लिए केप कव्हर, तिरपाल सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पर्याप्त मात्रा में सुनिश्चित की जाएं।

उन्होंने निर्देशित किया कि सभी केंद्रों में खरीदे गए धान की व्यवस्थित स्टैकिंग कर उसे केप कव्हर से ढका जाए। अधिकारी नियमित रूप से धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण करें और व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहें।

कलेक्टर मिश्रा ने सभी एसडीएम को धान उपार्जन केंद्र प्रभारियों एवं नोडल अधिकारियों की बैठक लेकर सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि प्रत्येक केंद्र में पानी की निकासी के लिए अनिवार्य रूप से ड्रेनेज व्यवस्था बनाई जाए। केंद्र परिसर में कहीं भी पानी जमा नहीं होना चाहिए तथा पर्याप्त संख्या में केप कव्हर उपलब्ध रहें।

इसके साथ ही उन्होंने ऐसे धान खरीदी केंद्रों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए, जहां से धान का उठाव पहले किया जाना आवश्यक है, ताकि प्राथमिकता के आधार पर वहां से धान का उठाव कराया जा सके। कलेक्टर ने दोहराया कि बारिश से धान को नुकसान न हो, इसके लिए सभी अधिकारी समय रहते जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करें।