स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से मिलीं जिला पंचायत सभापति मोनिका देवांगन

0

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से मिलीं जिला पंचायत सभापति मोनिका देवांगन, धमतरी जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार हेतु सौंपा मांगपत्र

धमतरी | जिला पंचायत धमतरी की सभापति (स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास तथा स्वच्छता विभाग) एवं भाजपा गंगरेल मंडल अध्यक्ष श्रीमती मोनिका ऋषभ देवांगन ने रायपुर में छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री माननीय श्री श्याम बिहारी जायसवाल जी से सौजन्य मुलाकात कर धमतरी जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार एवं चिकित्सकों की उपलब्धता को लेकर सार्थक चर्चा की। इस दौरान उन्होंने जिले की प्रमुख स्वास्थ्य आवश्यकताओं से संबंधित मांगपत्र सौंपकर शीघ्र निराकरण का आग्रह किया।
मांगपत्र में प्रमुख रूप से पांच महत्वपूर्ण मांगें रखी गईं— 1. ग्राम अछोटा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्वीकृति: वर्तमान में ग्राम अछोटा में उप स्वास्थ्य केंद्र संचालित है। आसपास के लगभग 24 ग्रामों के ग्रामीणों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल जाना पड़ता है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रारंभ होने से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा जिला अस्पताल पर मरीजों का दबाव भी कम होगा।
2. जिला चिकित्सालय धमतरी का 200 से बढ़ाकर 220 बिस्तर किया जाए: जिले की बढ़ती जनसंख्या एवं आसपास के ग्रामीण तथा आदिवासी क्षेत्रों से आने वाले मरीजों की संख्या को देखते हुए अस्पताल में बिस्तरों की संख्या बढ़ाना आवश्यक है। वर्तमान में बिस्तरों की कमी के कारण मरीजों को भर्ती होने में परेशानी होती है।
3. जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों के रिक्त पदों की पूर्ति: धमतरी जिला अस्पताल में धमतरी सहित कांकेर, बालोद, गरियाबंद एवं दुर्ग जिले के मरीज भी उपचार के लिए पहुंचते हैं। वर्ष 2025 में ओपीडी में 1,77,339 एवं आईपीडी में 24,828 मरीज दर्ज हुए, वहीं वर्ष 2026 में अब तक ओपीडी में 1,41,389 एवं आईपीडी में 19,400 मरीज दर्ज किए गए। चिकित्सकों की कमी के कारण गंभीर बीमारियों के मरीजों को उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर करना पड़ता है। अतः स्वीकृत पदों के अनुरूप चिकित्सकों की नियुक्ति की मांग की गई।
4. प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भटगांव का 6 से बढ़ाकर 10 बिस्तर अस्पताल के रूप में उन्नयन: भटगांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बड़ी संख्या में मरीज उपचार एवं भर्ती के लिए पहुंचते हैं। वर्तमान में बिस्तरों की सीमित संख्या के कारण मरीजों को असुविधा होती है। इसलिए अस्पताल की क्षमता बढ़ाने की मांग रखी गई।
5. ग्राम दोनर में उप स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना: ग्राम दोनर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्राम दोनर में नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की मांग की गई, जिससे ग्रामीणों को सामान्य उपचार, स्वास्थ्य जांच एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूरस्थ स्वास्थ्य केंद्रों पर निर्भर न रहना पड़े।
इस अवसर पर भाजपा जिला मंत्री श्री हेमन्त चंद्राकर पूर्व मंडल अध्यक्ष श्री ऋषभ देवांगन उपस्थित रहे।
माननीय स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल जी ने सभी मांगों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा आवश्यक परीक्षण कर उचित कार्यवाही करने का आश्वासन दिया।
श्रीमती मोनिका देवांगन ने कहा कि धमतरी जिले के प्रत्येक नागरिक को सुलभ, बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार तथा जिला अस्पताल में आवश्यक संसाधनों और चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए वे निरंतर प्रयास करती रहेंगी। उन्होंने मांगों पर सकारात्मक पहल के लिए स्वास्थ्य मंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त किया।