भाजपा की लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ पदयात्रा 31 को

0

भाजपा की लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ पदयात्रा 31 को

अजय,प्रेम प्रकाश करेंगे शिरकत

धमतरी | लोकतंत्र बचाओ – अराजकता हटाओ अभियान के जिला संयोजक एवं भारतीय जनता पार्टी जिला धमतरी के पूर्व अध्यक्ष ठाकुर शशि पवार ने जारी विज्ञप्ति के माध्यम से यह बताया कि देश की राजधानी दिल्ली एवं अन्य प्रमुख शहरों में विपक्ष के द्वारा संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने, अराजकता की स्थिति निर्मित करने, अशांति और अस्थिरता का वातावरण बनाने का प्रयास किया जा रहा है। सड़कों पर अशोभनीय हरकतों से देश की संस्कृति पर कुठाराघात करने का कार्य किया जा रहा है। कॉकरोच जनता पार्टी, टुकड़े टुकड़े गैंग के सदस्यों सहित अनेक राष्ट्र विरोधी ताकतें विदेशों से फंडिंग लेकर सड़क में हिंसक संघर्ष के माध्यम से भारत में रेजीम चेंज जैसी स्थिति पैदा करने का प्रयास कर रही है। विपक्षी दलों के द्वारा उन्हें प्रोत्साहित करने का कार्य किया जा रहा है। संसद से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक को निशाना बनाने की कोशिश की जा रही है। इसके विरोध में भारतीय जनता पार्टी देश भर में लोकतंत्र बचाओ – अराजकता हटाओ अभियान चला रही है जिसके अंतर्गत युवा वर्ग से संवाद, स्कूली विद्यार्थियों से संवाद, राष्ट्र चेतना संवाद, इंफ्लूएंसर आउटरीच प्रोग्राम जैसे अनेक कार्यक्रम आयोजित कर रही है साथ ही शनिवार 31 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे बिलाईमाता मंदिर के पास स्थित गौशाला मैदान से एक विशाल पदयात्रा सदर बाजार, मठ मंदिर, घड़ी चौक, सिहावा चौक होते हुए सिहावा रोड स्थित शांति वाटिका तक जाएगी। शांति वाटिका में एक विशाल जनसभा का भी आयोजन किया जा रहा है। इन सभी कार्यक्रमों में मुख्य रूप से कुरूद के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अजय चंद्राकर तथा पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडे उपस्थित रहेंगे। पदयात्रा के संयोजक महापौर रामू रोहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, भानु चंद्राकर एवं महेंद्र पंडित बनाए गए हैं। जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष श्रीमती रंजना साहू सहित सभी वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि इस यात्रा को भव्य बनाने लगातार बैठकें ले रहे हैं।
जिले भर से हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों के इस यात्रा में शामिल होने की उम्मीद की जा रही है। जिले के सभी पदाधिकारी, मंडल, मोर्चा, प्रकोष्ठ एवं सरपंच, पार्षद, जनपद सदस्य, जिला पंचायत सदस्य सहित समस्त जनप्रतिनिधियों को भी कार्यक्रम को सफल बनाने जिम्मेदारी दी गई है।