धमतरी। भाजपा जिला कोषाध्यक्ष चेतन हिन्दूजा ने कहा कि धमतरी जिले के रुद्री क्षेत्र में सुनियोजित आवासीय एवं व्यावसायिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण सौगात मिली है। कैबिनेट बैठक में रुद्री स्थित छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल की री-डेवलपमेंट परियोजना को मंजूरी मिलने से क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं बढ़ी है।
भाजपा जिला कोषाध्यक्ष चेतन हिन्दूजा ने बताया कि केबिनेट के फैसले ने धमतरी वासियों के चेहरे पर खुशी भर दी है। प्रस्तावित योजना के अनुसार, सिंचाई विभाग की लगभग 3.5 हेक्टेयर भूमि में से करीब 2 हेक्टेयर क्षेत्र में आवासीय और व्यावसायिक परिसर विकसित किया जाना है। योजना में कुल 82 स्वतंत्र मकानों का निर्माण प्रस्तावित है। इनमें मध्यम आय वर्ग ( एमआई जी ) के 45 तथा निम्न आय वर्ग (एलआईजी ) के 37 मकान शामिल हैं। इसके साथ ही दो मंजिला व्यावसायिक परिसर में 40 दुकानों के निर्माण की योजना है। इससे क्षेत्र में आवासीय आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी व्यवस्थित विस्तार मिलने की उम्मीद है। परियोजना में सिंचाई विभाग के कार्यालय, प्रयोगशाला तथा आठ एच-टाइप आवासों के पुनर्निर्माण का प्रावधान भी प्रस्तावित है। इस प्रकार योजना में आवासीय विकास के साथ विभागीय अधोसंरचना के पुनर्विकास को भी महत्व दिया गया है।
युवा भाजपा नेता हिन्दूजा ने कहा कि रुद्री क्षेत्र में प्रस्तावित री-डेवलपमेंट परियोजना धमतरी के सुनियोजित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे शासकीय भूमि का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के साथ नागरिकों को आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने और व्यावसायिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने का अवसर मिलेगा। गंगरेल बांध और रुद्री क्षेत्र की भौगोलिक विशेषताओं को देखते हुए यहां पर्यटन, व्यापार और सेवा गतिविधियों के विस्तार की संभावनाएं हैं। आवासीय एवं व्यावसायिक विकास को बेहतर नियोजन के साथ आगे बढ़ाने से क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिल सकता है।
बाक्स में सालभर में बदलेगी धमतरी की तस्वीर भाजपा नेता चेतन हिन्दूजा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का खजाना धमतरी के लिए खुला है। धमतरीवासियों की जो भी जरूरतें हैं उसे राज्य सरकार भरसक पूरा कर रही है। पूर्व में भूपेश बघेल के कांग्रेस सरकार के समय धमतरी का विकास थम गया था। धमतरी के लिए राशि ही जारी नहीं किया गया। प्रदेश कांग्रेस में धमतरी से खजांची होने के बावजूद धमतरी की उपेक्षा ही होती रही, लेकिन शहरवासियों की चिंता करने की जरूरत नहीं है। भाजपा ने छत्तीसगढ़ को राज्य और धमतरी को जिला बनाया है, तो हम संवारेंगे भी। आने वाले एक साल में धमतरी शहर की तस्वीर ही बदल जाएगी।
रेल-फोरलेन से खुलेगा विकास का द्वार जिला कोषाध्यक्ष चेतन हिन्दूजा ने कहा कि धमतरी का विकास द्वार धमतरी से रायपुर तक बड़ी रेल लाइन और सिहावा चौक से मथुराडीह मोड़ तक फोरलेन सड़क, रत्नाबांधा चौक से आमदी तथा अंबेडकर चौक से रूद्री फोरलेन और उसके आगे गंगरेल होते हुए माकरदोना-कुकरेल तक सड़क चौड़ीकरण से धमतरी का विकास तेज गति से होगा। शहरवासियों को अगले कुछ दिनों में गंगा घाट की तर्ज पर रूद्रेश्वर कारीडोर की सौगात भी मिलने वाली है। इसके लिए शासन से जल्द ही 20 करोड़ की मंजूरी मिलने जा रही है। आडिटोरियम का काम अंतिम चरण में है। नालंदा परिसर टेंडर की प्रक्रिया है, जल्द ही इसका भी काम शुरू हो जाएगा। छत्तीसगढ़ प्रदेश का धमतरी एक पूर्ण विकसित शहर के रूप में जल्द ही नजर आने लगेगा।







