मोबाइल देखने को लेकर भाइयों में विवाद, बड़े भाई ने डंडे से पीटकर 16 वर्षीय छोटे भाई की जान ली

0

धमतरी। जिले के थाना खल्लारी क्षेत्र के ग्राम फरसगांव में मोबाइल देखने की बात को लेकर दो सगे भाइयों के बीच हुए विवाद में छोटे भाई की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 19 वर्षीय बड़े भाई कैलाश सोरी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 की रात कैलाश सोरी और उसका 16 वर्षीय छोटा भाई कुंदन सोरी खाना खाने के बाद घर के आंगन में बैठकर मोबाइल देख रहे थे। इसी दौरान मोबाइल देखने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर कैलाश ने डंडे से कुंदन के सिर और पीठ पर वार कर दिया। हमले से कुंदन जमीन पर गिर पड़ा। उसके माथे और पैर में भी चोट आई। बाद में उसकी मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही खल्लारी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा तैयार किया तथा पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। चिकित्सक से प्राप्त शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु की प्रकृति हत्यात्मक पाए जाने के बाद पुलिस ने धारा 103 भारतीय न्याय संहिता के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।

पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी कैलाश सोरी, पिता जैतराम सोरी, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम फरसगांव, थाना खल्लारी, जिला धमतरी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

धमतरी पुलिस की अपील: पारिवारिक और आपसी विवाद की स्थिति में संयम बनाए रखें। विवाद को हिंसक रूप लेने से रोकने के लिए समझदारी और शांति से काम लें।