विजेता टीमों को मुख्य अतिथि महापौर रामू रोहरा ने किया पुरस्कृत , महापौर ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर खेल भावना एवं अनुशासन का दिया संदेश
धमतरी | नवरात्र पर्व के पावन अवसर पर नवज्योति विंध्यवासिनी दुर्गोत्सव समिति, पारावासी एवं समस्त ग्रामवासियों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय रात्रिकालीन कबड्डी प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपने शानदार खेल कौशल, दमखम, फुर्ती और टीम भावना का परिचय देते हुए दर्शकों का मन मोह लिया। रात्रिकालीन प्रतियोगिता को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेलप्रेमी एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नगर निगम धमतरी के महापौर श्री रामू रोहरा शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद सदस्य श्रीमती संतकुमारी किरण साहू ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व जनपद सदस्य श्री अनिल तिवारी, भवन निर्माण ठेकेदार श्री दिनेशु यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष आमदी श्री विनय जैन, पूर्व सरपंच श्री सीताराम ध्रुव एवं मार्निंग वॉक बॉलीबाल समिति पोटियाडीह के श्री ईश्वर देवांगन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डॉ. कामता प्रसाद साहू, श्री मोतीराम हिरवानी, श्री भूषण देवांगन, श्री रामाम साहेब, श्री एल.के. पटेल, श्री ऐजु पटेल, श्री प्रकाश सिन्हा, श्री चुरामन पटेल, श्री सेवक सेन, श्री तेजराम देवांगन, श्री नरेन्द्र हिरवानी, श्री दिलीप यादव, श्री चेतन दुलार, श्री चम्पेश्वर साहू, श्री दीनू साहू, श्री शिवनंदन साहू एवं श्री जगेन्द्र साहू सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
खेल से बढ़ती है एकता और अनुशासन की भावना
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि महापौर श्री रामू रोहरा ने कहा कि खेल हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। खेलों से न केवल शारीरिक क्षमता और मानसिक दृढ़ता का विकास होता है, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, सहयोग और नेतृत्व की भावना भी मजबूत होती है। कबड्डी जैसे पारंपरिक खेल ग्रामीण अंचलों की खेल संस्कृति को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है और युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ती है।
महापौर ने कहा कि नवरात्र पर्व के दौरान धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के साथ खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को मजबूत करता है। ग्रामीण स्तर पर होने वाली प्रतियोगिताएं युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने का मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने आयोजन समिति एवं ग्रामवासियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं जनपद सदस्य श्रीमती संतकुमारी किरण साहू, भाजपा आमडी मंडल अध्यक्ष विनय जैन सहित उपस्थित अतिथियों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को बधाई दी।
दो दिवसीय प्रतियोगिता के समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों एवं खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों ने खेल भावना, अनुशासन और आपसी सहयोग का परिचय दिया। आयोजन समिति ने अतिथियों का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
नवज्योति विंध्यवासिनी दुर्गोत्सव समिति, पारावासी एवं समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता ने नवरात्र पर्व के उत्साह को और बढ़ाया।
आयोजन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा युवाओं को खेलों से जोड़ने का सराहनीय प्रयास किया गया। कार्यक्रम का समापन उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ हुआ।






