धमतरी। जिले के भखारा क्षेत्र के ग्राम कोलियारी में बीती रात शॉर्ट सर्किट के कारण लगी भीषण आग से साई ॐ परिवार प्रतिष्ठान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे प्रतिष्ठान को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बताया जा रहा है कि ग्राम कोलियारी निवासी डोमार साहू थैला प्रिंटिंग, कैरी बैग और पेपर प्रिंटिंग का काम करते हैं। इसके लिए उनके घर में थैला प्रिंटिंग मशीन, कैरी बैग बनाने की मशीन और पेपर प्रिंटिंग मशीन सहित अन्य उपकरण लगाए गए थे। बीती रात अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
आगजनी में करीब 40 लाख रुपये कीमत की दो थैला प्रिंटिंग मशीन, 50 लाख रुपये की कैरी बैग बनाने की मशीन, 10 लाख रुपये की पेपर प्रिंटिंग मशीन और करीब 7 लाख रुपये की डब्ल्यू पंचिंग मशीन आग की चपेट में आ गई। इसके अलावा बड़ी मात्रा में कच्चा-पक्का मटेरियल, तैयार सामान और घर का अन्य सामान भी जलकर राख हो गया।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आगजनी में भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। नुकसान का कुल आंकड़ा करोड़ों रुपये के आसपास पहुंचने की बात कही जा रही है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन संबंधित विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। घटना के बाद पीड़ित परिवार को लाखों-करोड़ों रुपये के नुकसान से बड़ा झटका लगा है।







