“एक राखी सुरक्षा के नाम” अभियान में जागरूकता की राखी के साथ सेल्फी लेकर साइबर सुरक्षित रहने की अपील
धमतरी। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर धमतरी पुलिस ने रिश्तों की सुरक्षा के साथ-साथ डिजिटल दुनिया को सुरक्षित बनाने की अनूठी पहल की है। छत्तीसगढ़ पुलिस के “साइबर जागृति अभियान” के तहत पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देश पर “साइबर सुरक्षा बंधन” पहल शुरू की गई है।
रक्षाबंधन भाई-बहन के बीच सुरक्षा, विश्वास और जिम्मेदारी का पर्व है। इसी भावना को साइबर सुरक्षा से जोड़ते हुए धमतरी पुलिस ने नागरिकों से “जागरूकता की राखी” के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा करने की अपील की है। इसके माध्यम से लोग अपने परिवार, दोस्तों और परिचितों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक कर सकते हैं।
नागरिक छत्तीसगढ़ पुलिस के “साइबर जागृति अभियान” से जुड़कर संबंधित वेबसाइट पर जाकर अथवा सेल्फी फ्रेम में दिए गए QR कोड को स्कैन कर “सेल्फी लें” विकल्प का उपयोग कर सकते हैं। सेल्फी लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करने के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सकता है।
धमतरी पुलिस ने नागरिकों को साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि OTP, बैंकिंग संबंधी जानकारी, UPI PIN, पासवर्ड या अन्य निजी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से भी बचें।
यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन ठगी हो जाती है तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें। धमतरी पुलिस ने इस रक्षाबंधन नागरिकों से अपील की है कि रिश्तों की सुरक्षा के साथ अपनी डिजिटल दुनिया की सुरक्षा का भी संकल्प लें। पुलिस का संदेश है— “जागरूक बनें, साइबर सुरक्षित रहें और अपनों को भी सुरक्षित बनाएं।”






