स्वतंत्रता का अलख जगाने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और युवाओं ने लगाई स्वतंत्रता दौड़

0

महापौर रामू रोहरा ने गांधी चौक से हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, ‘हर घर तिरंगा’ और ‘टीबी हारेगा, देश जीतेगा’ का दिया संदेश, राष्ट्रीय एकता की दिलाई गई शपथ

धमतरी | स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति कर्तव्यबोध की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आज स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया गया। गांधी चौक से सुबह 8.30 बजे प्रारंभ हुई स्वतंत्रता दौड़ को महापौर श्री रामू रोहरा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ में जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, युवाओं, स्कूली विद्यार्थियों और गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
स्वतंत्रता दौड़ गांधी चौक से प्रारंभ होकर गोलबाजार, घड़ी चौक, भगवती लॉज, देवश्री टॉकीज रोड, शिव चौक और सेंचुरी गार्डन होते हुए पुनः गांधी चौक पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में देशभक्ति के नारों और उत्साह से वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत नजर आया। प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देश की एकता, अखंडता और गौरव का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर श्री रामू रोहरा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को स्मरण करने का दिन है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश और राष्ट्रहित हम सभी के लिए सर्वाेच्च है। नागरिक स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में तिरंगा फहराएं और देश के प्रति अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें।
पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष श्री नेहरू निषाद ने कहा कि आजादी हमें लंबे संघर्ष और असंख्य वीर सपूतों के बलिदान के बाद मिली है। स्वतंत्रता के मूल्यों की रक्षा करना और राष्ट्र निर्माण में योगदान देना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश की प्रगति में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
पूर्व विधायक श्रीमती रंजना साहू ने कहा कि स्वतंत्रता दौड़ जैसे आयोजन नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने और उनमें राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और युवाओं को सकारात्मक सोच के साथ राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

‘टीबी हारेगा, देश जीतेगा’ का दिया संदेश

स्वतंत्रता दौड़ के साथ टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जन-जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं। प्रतिभागियों और नागरिकों को ‘टीबी हारेगा, देश जीतेगा’ का संदेश देते हुए टीबी की रोकथाम, लक्षणों की समय पर पहचान, जांच और पूर्ण उपचार के प्रति जागरूक किया गया। आयोजन के माध्यम से टीबी उन्मूलन में जनभागीदारी बढ़ाने तथा स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।

दौड़ प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाया उत्साह और दमखम कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए दौड़ प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। बालक वर्ग में हेमंत यादव ने प्रथम, राहुल वर्मा ने द्वितीय तथा डोमन कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में संतोषी उसेंडी प्रथम, मंजू साहू द्वितीय तथा तनिषा ध्रुव तृतीय रहीं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में अतिथियों को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर एसडीएम एवं जिला खेल अधिकारी श्री पीयूष तिवारी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, अधिकारी-कर्मचारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष श्रीमती अंगिरा ध्रुव, उपाध्यक्ष श्री केशव साहू, निगम सभापति एवं पार्षदगण, अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देवहारी, एडिशनल एसपी श्री डी.सी. पटेल, डिप्टी कलेक्टर श्री मनोज मरकाम, जिला युवा अधिकारी श्रीमती श्रुति डोंगरे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक, युवा एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।