
सीजी 05 एक्सपो यूनिटी इवेंट: धमतरी से शुरू हुआ साउंड-लाइट व्यापार मेला बना राष्ट्रीय पहचान, व्यापार और पर्यटन को मिल रहा बढ़ावा
वर्ष 2022 में धमतरी से हुई थी शुरुआत, आज देशभर की प्रतिष्ठित कंपनियां और हजारों आगंतुक बन रहे हैं आयोजन का हिस्सा।
समाचार
धमतरी। वर्ष 2022 में धमतरी से शुरू हुआ सीजी 05 एक्सपो यूनिटी इवेंट आज राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना चुका है। ध्वनि एवं प्रकाश व्यापार को समर्पित इस आयोजन ने न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश में अपनी पहचान स्थापित की है। इसके माध्यम से धमतरी जिले के व्यापार और पर्यटन को भी नई गति मिली है।
आयोजन समिति ने बताया कि इस आयोजन की शुरुआत धमतरी में पहली बार ध्वनि एवं प्रकाश व्यापार मेले के रूप में की गई थी। लगातार मिल रहे सहयोग और प्रतिभागियों के उत्साह के कारण आज यह आयोजन देशव्यापी स्वरूप ले चुका है। देश के विभिन्न राज्यों से प्रतिष्ठित कंपनियां अपने अधिकृत विक्रेताओं के माध्यम से इसमें भाग लेती हैं, जबकि छत्तीसगढ़ सहित आसपास के राज्यों से बड़ी संख्या में आगंतुक भी पहुंचते हैं।
आयोजकों के अनुसार इस आयोजन का उद्देश्य केवल व्यापार बढ़ाना नहीं, बल्कि ध्वनि एवं प्रकाश उद्योग में तकनीकी सुधार, पारदर्शिता और गुणवत्ता को बढ़ावा देना भी है। साथ ही ध्वनि प्रदूषण को कम करने, मधुर एवं संतुलित ध्वनि के उपयोग तथा इस क्षेत्र से जुड़े व्यवसायियों और तकनीशियनों को जिम्मेदार कार्यशैली के प्रति जागरूक करने का भी प्रयास किया जा रहा है।
आयोजन समिति ने कहा कि इतने बड़े आयोजन को सफल बनाने में जिला प्रशासन का लगातार सहयोग मिलता रहा है, जिसके लिए पूरी टीम आभार व्यक्त करती है। आयोजकों का मानना है कि इस मेले के माध्यम से धमतरी को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिल रही है और स्थानीय व्यापारियों के लिए भी नए अवसर तैयार हो रहे हैं।

अंत में सीजी 05 एक्सपो यूनिटी इवेंट ने समस्त छत्तीसगढ़वासियों, शासन-प्रशासन, जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, यातायात पुलिस, अग्निशमन विभाग, जनप्रतिनिधियों, प्रिंट मीडिया एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया सहित सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी नागरिकों से इस आयोजन में शामिल होने और इसे सफल बनाने की अपील की।
Also Read
कुरूद में बस चालक पर चाकू से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, हथियार और बाइक जब्त


