
पं. राजेश शर्मा बोले – धरम लाल कौशिक नए विधायकों के लिए आदर्श, राजनीतिक मर्यादा और जनसेवा की मिसाल
धमतरी। छत्तीसगढ़ विधानसभा में वर्ष 2026 के लिए बिल्हा विधायक धरम लाल कौशिक को उत्कृष्ट विधायक चुने जाने पर धमतरी के भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनका सम्मान किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं धर्मप्रेमी पं. राजेश शर्मा ने श्री कौशिक का सम्मान कर उनका आशीर्वाद लिया और इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं।
पं. राजेश शर्मा ने कहा कि प्रदेश के 90 विधायकों के बीच उत्कृष्ट विधायक के रूप में सम्मानित होना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि धरम लाल कौशिक ने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों, राजनीतिक मर्यादा और जनसेवा को प्राथमिकता दी है। उनका विधानसभा के भीतर और जनता के बीच का आचरण नए विधायकों के लिए प्रेरणास्रोत है।
धरम लाल कौशिक पांच बार विधायक निर्वाचित हो चुके हैं। वे छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष तथा भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण दायित्व निभा चुके हैं। वर्तमान में वे भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य भी हैं।
सम्मान कार्यक्रम में धमतरी से महेंद्र पंडित, राकेश निर्वाण, लोकेश डागा और राहुल शर्मा ने भी धरम लाल कौशिक का सम्मान कर उन्हें बधाई दी तथा उनके स्वस्थ एवं दीर्घ राजनीतिक जीवन की कामना की।






