धमतरी पुलिस में अनुशासन और जनोन्मुखी पुलिसिंग पर सख्ती, एसपी भावना पांडेय ने थाना प्रभारियों को दिए कड़े निर्देश

1

नशा, जुआ, सट्टा, अवैध शराब, चाकूबाजी, होटल-ढाबा चेकिंग और रात्रि गश्त तेज करने के निर्देश

धमतरी | पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय (भा.पु.से.) ने बुधवार को जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों की परिचयात्मक बैठक लेकर कानून-व्यवस्था, अनुशासन, जनोन्मुखी पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि धमतरी पुलिस की कार्यशैली अनुशासित, पारदर्शी, संवेदनशील और जनता के प्रति जवाबदेह होनी चाहिए। अनुशासनहीनता पर शून्य सहनशीलता अपनाई जाएगी तथा प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी को निर्धारित वर्दी, उत्कृष्ट टर्नआउट और समयबद्ध ड्यूटी सुनिश्चित करनी होगी।

बैठक में एसपी ने थाना प्रभारियों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की नियमित समीक्षा करने, उत्कृष्ट कार्य करने वालों के नाम पुरस्कार के लिए भेजने तथा लापरवाही और कदाचार करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने जिले में Visible एवं Basic Policing को और अधिक प्रभावी बनाने, सदर बाजार सहित प्रमुख बाजारों में नियमित पैदल गश्त करने तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, संवेदनशील स्थानों और धार्मिक स्थलों पर पुलिस की लगातार मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एसपी ने नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाने, जुआ, सट्टा, अवैध शराब और अन्य अवैध कारोबारों पर लगातार कार्रवाई करने तथा चाकूबाजी की घटनाओं पर कड़ी निगरानी रखने को कहा। ऑनलाइन माध्यम से चाकू मंगाने वालों पर भी सतत निगरानी रखते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में होटल एवं ढाबों की नियमित जांच, अवैध शराब की बिक्री या परोसने पर सख्त कार्रवाई, सराफा लाइन, बैंक, एटीएम और अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों में रात्रि गश्त बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया।

एसपी ने सभी थाना एवं चौकी परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने, शासकीय वाहनों और संसाधनों का बेहतर रखरखाव करने तथा सीसीटीवी कैमरों को पूर्णतः कार्यशील रखने के निर्देश दिए। उन्होंने थानों में आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ संवेदनशील व्यवहार करने, एफआईआर योग्य मामलों में तत्काल अपराध दर्ज करने, सीसीटीएनएस में समय पर प्रविष्टियां अपडेट करने तथा NATGRID सहित उपलब्ध तकनीकी संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर अपराध अनुसंधान को मजबूत बनाने के निर्देश भी दिए।

इसके अलावा लंबित समंस एवं वारंटों के त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर देते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार पांडेय, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा, डीएसपी मोनिका मरावी, डीएसपी भानुप्रताप चंद्राकर, डीएसपी मीना साहू, एसडीओपी नगरी विपिन रंगारी, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी तथा पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।